कुरुक्षेत्र के कोरोना पॉजिटिव विश्वजीत की वजह से अंबाला वासियों की दिक्कतें एक बार फिर बढ़ गई हैं। विश्वजीत के संपर्क में अंबाला के कुल 17 लोग आए जिन्हें एहतियात के तौर पर होम क्वारंटीन कर दिया गया। इतना ही नहीं इसी कड़ी में कार्रवाई करते हुए अंबाला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेक्टर-9 में तीन डिपार्टमेंटल स्टोर व एक फार्मेसी पर भी ताला जड़ दिया। कुरुक्षेत्र से प्रशासन के पास आई रिपोर्ट के आधार पर इस कार्रवाई को अंबाला प्रशासन ने अंजाम तक पहुंचाया। विश्वजीत मकरज से लौटे जमातियों के साथ जम्मू तवी एक्सप्रेस में सवार होकर कुरूक्षेत्र आया था। रेलवे की ओर से मिली ट्रेकिंग रिपोर्ट के आधार पर विश्वजीत को पहले होम क्वारंटीन किया गया। पहला सैंपल तो नेगेटिव आया था लेकिन तीन दिन पहले आई दूसरी रिपोर्ट पॉजिटिव आने से अफसरों में हड़कंप मच गया। जांच में नए खुलासे हुए। वहीं जिले में लॉक डाउन की धज्जियां उड़ाने पर अभी तक 201 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और 60 लाख से ज्यादा जुर्माना इन पर लगाया जा चुका है। फिर भी लोग बेवजह घूमने से बाज नहीं आ रहे।
ऑफिस असिस्टेंट से स्टोर पर लगा ताला
कुरूक्षेत्र के सेक्टर-7 में रहने वाले विश्वजीत एफसीआई में कार्यरत हैं। रेलवे की रिपोर्ट आने के बाद उसे तुरंत प्रशासन ने होम क्वारंटीन कर दिया था। कुरुक्षेत्र से अंबाला प्रशासन के पास सेक्टर-9 के रहने वाले विनाय चौधरी के विश्वजीत के संपर्क में होने की सूचना आई थी। तुरंत बाद ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहले विनाय चौधरी को परिवार समेत होम क्वारंटीन किया गया। इसके बाद उसके भवन मालिक विशाल मल्होत्रा, दोस्त रोहित राज व सतीश कुमार को भी परिवार के साथ होम क्वारंटीन किया गया।