अंबाला। जिले में कोरोना का कहर थमता नजर नहीं आ रहा है। अब तक कोरोना से 72 लोगों की जान जा चुकी है। यदि हम बात करें नए संक्रमित केसों की तो इनका का भी आंकड़ा दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। नए मरीजों के साथ संक्रमितों की संख्या 6 हजार 910 पहुंच गई है। शनिवार को तीन लोगों की मौत हो गई वहीं 220 नए कोरोना के संक्रमित केस सामने आए।
शनिवार को सरस्वती नगर के 72 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सांस लेने में लगातार दिक्कत होने के कारण इस मरीज को वेंटीलेटर पर रखा गया था। लेकिन वह जिंदगी से जंग हार गए। केसीबी कॉलोनी की 47 वर्षीय महिला ने भी कोरोना की वजह से शनिवार को दम तोड़ दिया। शुगर की वजह से यह महिला वेंटीलेटर पर थी। कोरोना की वजह से तीसरी मौत जोगीवाड़ा अंबाला शहर की एक महिला की हुई। यह महिला बीपी की मरीज थी। इसी वजह से इसे बीआईपीएपी मशीन पर रखा गया था। शनिवार को 140 मरीज उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिए गए। अब यहां डिस्चार्ज होने वाले मरीजों की संख्या 5464 हो गई है। जिले में 1374 एक्टिव हो गए हैं।
82 हजार 760 लिए गए सैंपल
अब तक जिले में 82 हजार 760 सैंपल लिए जा चुके हैं। अंबाला में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का रिकवरी रेट करीब 79 प्रतिशत है। वहीं दूसरी और जिले में 10 मोबाइल टीमों ने शनिवार को करीब 522 लोगों की जांच की। आज तक अंबाला में मोबाइल टीमें 5 लाख 33 हजार से ज्यादा लोगों की जांच कर चुकी हैं।
जिले में कोरोना से तीन मरीजों की मौत हो गई। शनिवार को 220 नए केस आए हैं। लोगों से निवेदन है कि कोई भी लक्षण होने पर सरकारी अस्पताल में आकर टेस्ट जरूर कराएं।
-डॉ. कुलदीप सिंह सिविल सर्जन अंबाला