अंबाला। कोरोना अब कहर ढाने लगा है। रविवार को 3 मौत के बाद सोमवार को दो और बुजुर्गों की कोरोना ने जान ले ली। वहीं पूर्व मंत्री निर्मल सिंह और उनके पीए भी संक्रमित हो गए। जिले में अब कोरोना 29 लोगों की जान ले चुका है। इतना ही नहीं सोमवार को 80 नए मामले सामने आए और 73 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। अब जिले में 3228 संक्रमितों की कुल संख्या हो चुकी है। हो गई है। इनमें से 2720 डिस्चार्ज हो गए हैं और अब 479 एक्टिव केस हैं।
70 वर्षीय थे दोनों बुजुर्ग
जिन दो बुजुर्गों की सोमवार को कोरोना से मौत हुई वह 70 साल के थे। इनमें एक अंबाला छावनी तो दूसरा शहर का रहने वाला था। अंबाला शहर की शिवालिक कॉलोनी निवासी बुजुर्ग अधरंग व हृदय रोग से ग्रस्त था। वहीं उन्हें मिरगी के दौरे भी पड़ते थे। इसी तरह अबांला छावनी विजय नगर के रहने वाला बुजुर्ग ब्लड कैंसर के साथ हृदय रोग से जूझने के साथ कई अन्य बीमारियों से पीड़ित था।
सबसे ज्यादा अंबाला छावनी से मिले 46 केस
सोमवार को आए 80 नए मामलों में अंबाला शहर में कोरोना से 46, छावनी से 5, चौड़मस्तपुर से 18 व 5 मामले नारायणगढ़ से आए हैं। इसी तरह 1 मामला बराड़ा, 2 मामले मुलाना व 3 मामले शहजादपुर से हैं।
मैं ठीक हूं, मेरे संपर्क में आए करवाएं टेस्ट:
सोमवार को पूर्व मंत्री चौधरी निर्मल सिंह भी कोरोना पॉजिटिव निकले है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया और मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है डॉक्टर्स की सलाह पर होम क्वारंटाइन हो रहा हूं। मेरा अनुरोध है की गत दिनों में मेरे संपर्क में आए सभी स्वयं को आइसोलेट कर जांच जरूर करवाएं। उनके पीए व मीडिया एडवाइजर नितिन भाटिया भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।