अंबाला कैंट के भगत सिंह मार्केट के पीछे रेस्ट हाउस की दीवार के बीच बनी जगह से घुसे थे चोर: संवा
अंबाला। इंदिरा चौक के निकट भगत सिंह मार्केट में चोरों ने एक बिजली के सामान की दुकान में सेंधमारी की। शातिर चोर दुकान की पिछली दीवार तोड़कर भीतर दाखिल हुए। भारी मात्रा में कीमती तांबे की तार व अन्य उपकरण चोरी कर ले गए। 4 मार्च की सुबह दुकान पर पहुंचा तो टूटी दीवार देखकर दंग रह गया। अंबाला कैंट थाना पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के बाद दुकानदार रामचंद्र की तहरीर पर अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर ली।
30 साल पुरानी दुकान को बनाया निशाना : डिफेंस कॉलोनी निवासी रामचंद्र ने बताया कि उनकी इंदिरा चौक के निकट पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के पास लखनपाल इलेक्ट्रिक कंपनी के नाम से करीब 30 साल पुरानी दुकान है। वह 3 मार्च की रात करीब 8:30 बजे दुकान को ताला लगाकर घर गए थे। अगले दिन 4 मार्च की शाम जब वह दुकान पर पहुंचे तो दुकान की पिछली दीवार टूटी हुई थी। चोर, दुकान से थ्री-फेस की करीब 1800 मीटर तांबे का तार, पावर कनेक्टर और एवीआर कैपेसिटर चोरी कर ले गए हैं। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों में बताई जा रही है। अभी दुकानदार ने पूरा नुकसान नहीं बताया। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।