शहर के आर्य चौक पर लगा बस क्यू शेल्टर। संवाद
अंबाला सिटी। शहर में 22 बस क्यू शेल्टर पर लगने वाले विज्ञापन के लिए ठेकेदार दिलचस्पी नहीं दिखा रहे। निगम ने दिसंबर में ई-ऑक्शन को लेकर पोर्टल खोला था, लेकिन निविदा नहीं हो पाई। अब निगम इनके लिए दोबारा पोर्टल खोलगा।
इसके साथ ही नए विज्ञापन साइट के लिए भी योजना बनाई जा रही है ताकि निगम को राजस्व मिल सके। इन बस क्यू शेल्टर पर होर्डिंग व एलईडी लाइट के विज्ञापन लगने हैं। इन शेल्टर पर विज्ञापन लगाने के लिए क्लेक्टर रेट के हिसाब निविदा लगाई जाएगी। दरअसल, नगर निगम के क्षेत्र में 22 बस क्यू शेल्टर बनाए गए हैं। यह शेल्टर स्टील के लिए बनाए गए हैं। पहले भी इन शेल्टर पर विज्ञापन लगाए गए थे। अब निगम दोबारा विज्ञापन लगाने के लिए प्रक्रिया शुरू करेगा। यह शेल्टर आर्य चौक, मानव चौक, कोर्ट के पास, इंको चौक सहित अन्य जगहों पर बनाए गए हैं।
दिसंबर माह में शुरू की गई थी प्रक्रिया सिरे नहीं चढ़ी
नगर निगम के जेई सहजप्रीत सिंह ने बताया कि शहर में बनाए गए 22 बस क्यू शेल्टर को विज्ञापन को लेकर किराए पर देने के लिए ई-ऑक्शन के लिए पोर्टल पर कंपनी से आवेदन मांगे गए थे, लेकिन इन शेल्टर पर विज्ञापन के लिए ई-ऑक्शन की प्रक्रिया सिरे नहीं चढ़ी। उन्होंने बताया कि यह विज्ञापन क्लेक्टर रेट के 2 प्रतिशत के हिसाब से प्रति स्कवेयर मीटर प्रति माह के लिए दिए जाने हैं। कंपनी इन शेल्टर पर विज्ञापन लगा सकेगी। इन बस क्यू शेल्टर पर होर्डिंग व एलईडी लाइट के विज्ञापन लगेंगे। उन्होंने बताया कि अब जल्द ही ई-ऑक्शन के लिए पोर्टल को दोबारा खोला जाएगा।