अंबाला सिटी के लखनौर साहिब गांव में वीएलडीए कॉलेज की अधूरी इमारत का निरीक्षण करते अधिकारी। प्र
अंबाला। लखनौर साहिब कॉलेज में अधूरे पड़े वीलडीए कॉलेज के निर्माण को लेकर जहां मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के तीन अधिकारियों को बुधवार को निलंबित कर दिया। वहीं वीरवार को पशुपालन एवं खेल विभाग के आयुक्त एवं सचिव विजय दहिया ने वीएलडीए काॅलेज का निरीक्षण किया ताकि अधूरे कार्य को जल्द पूरा करवाया जा सके। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने निरीक्षण के दौरान इस कार्य को बेहतर समन्वय बनाकर चालू करने के निर्देश दिए ताकि जल्द से जल्द इसकी सुविधा मिल सके। उन्होंने वीएलडीए कालेज के साथ अन्य नवनिर्मित ब्लॉकों का भी जायजा लिया।
जल्द काम शुरू करने के दिए निर्देश
प्राथमिक चरण में पूर्व में निर्मित भवनों के जांच के बाद वीएलडी अस्पताल/क्लीनिक, मोर्चरी, प्रशासिकन खंड व एकेडमी के कार्य को शुरू करने के निर्देश दिए। लुवास से आए डाॅ. पवन कुमार ने आयुक्त एवं सचिव को कार्य शुरु करवाने का आग्रह किया, जबकि लोक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता हरपाल सिंह ने बताया कि यहां पर जो कार्य किए जाने हैं, उसके तहत भवन बने हुए हैं। फिनिशिंग व अन्य कार्यों को करवाकर इसकी शुरूआत की जा सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि यहां पर वीएलडी कालेज के तहत चार दीवारी का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। आयुक्त एवं सचिव विजय दहिया ने नक्शे के माध्यम से भी यहां पर जो कार्य प्राथमिकता से किए जा सकते हैं, उस रूपरेखा की विस्तार से जानकारी ली तथा यहां पर जो भवन बने हुए हैं उनका का भी बारीकी से निरीक्षण किया।
वार हीरोज स्टेडियम का किया दौरा
आयुक्त एवं सचिव विजय दहिया ने छावनी के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में फुटबाल स्टेडियम का भी अवलोकन किया तथा यहां पर संबंधित अधिकारियों से फुटबाल स्टेडियम के कार्यों की प्रगति बारे जानकारी ली। इसके साथ उन्होंने खिलाड़ियों के लिए यहां पर जो सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, उस बारे भी जानकारी हासिल की। उन्होंने जिम्नास्टिक हाल तथा आल वेदर स्वीमिंग पुल का भी अवलोकन किया। उन्होंने इस मौके पर खेल विभाग के अधिकारियों को कहा कि यहां पर जो खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं, उसके साथ अन्य खेल से संबंधित नए खेल, जैसे नैट बॉल, आरचरी व अन्य भी शामिल किए जाएं।
अंबाला सिटी के लखनौर साहिब गांव में वीएलडीए कॉलेज की अधूरी इमारत का निरीक्षण करते अधिकारी। प्र