अंबाला। ग्रामीण क्षेत्रों में बनने वाले बस क्यू शेल्टर का निर्माण कार्य शुरु होने से पहले ही अटक गया है। यह निर्माण विभागीय अनापत्ति प्रमाण पत्र और जगह निर्धारण न होने को लेकर अटका है। ऐसे में आमजन की सुविधा के लिए बनने वाले बस क्यू शेल्टर की योजना पर ग्रहण लगता नजर आ रहा है।
शेरपुर, सिम्बला, नहौनी, भानोखेडी, अहमदपुर, धुरकड़ा और डेरा में बस क्यू शेल्टर बनाए जाने हैं। इन बस क्यू शेल्टर के लिए रोडवेज की और से जिला परिषद को 2 लाख 65 हजार रुपये प्रति बस क्यू शेल्टर के हिसाब से फंड भी जारी किया गया है। इसके बाद जिला परिषद की ओर से निविदा भी लगाई गई और काम भी शुरु कर दिया । लेकिन अब दूसरे विभागों की दखलअंदाजी से काम रुक गया है।
नेशनल हाइवे ने जताई आपत्ति
शेरपुर में बनने वाले बस क्यू शेल्टर का काम भी अटक गया है क्योंकि एनएचएआई ने जगह न होने का कारण बताया है और संबंधित विभाग को ऐसा बस क्यू शेल्टर बनाने के निर्देश दिए हैं। जो आकार में छोटा हो और इसे एक से दूसरी जगह पर भी आसानी से स्थापित किया जा सके। जबकि रोडवेज की तरफ से पक्के यानी सीमेंट और कंकरीट के मिश्रण से तैयार बस क्यू शेल्टर को पास किया गया है। जब जिला परिषद ने नेशनल हाइवे से बस क्यू शेल्टर की ड्राइंग और अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए पत्राचार किया है।
नहीं लिया अनापत्ति प्रमाण पत्र
इसके साथ ही गांव सिंबला में बनने बाले बस क्यू शेल्टर की निविदा लग चुकी थी और काम भी शुरु हो गया था। लेकिन इस बस क्यू शेल्टर के काम को लोकनिर्माण विभाग ने यह कहकर रुकवा दिया है कि इस निर्माण कार्य के लिए उनसे अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं लिया गया।
जगह नहीं स्पष्ट
वहीं नहौनी में रोड पर बनने वाले बस क्यू शेल्टर की जगह अभी स्पष्ट नहीं है कि इसे कहां बनाया जाए। इस कारण यहां भी काम रुका हुआ है। इसी प्रकार भानोखेड़ी में बनने वाले बस क्यू शेल्टर की जगह को लेकर भी परेशानी आ रही है। जबकि अहमदपुर, धुरकड़ा और डेरा गांव में बनने वाले बस क्यू शेल्टर को लेकर कार्य जारी हो चुके हैं।
बस क्यू शेल्टर निर्माण के लिए रोडवेज ने फंड जारी कर दिया है। लेकिन निर्माण कार्य के दौरान लोक निर्माण सहित नेशनल हाइवे ने आपत्ति जताई है। इसलिए बस क्यू शेल्टर निर्माण में देरी हो रही है।
अमन कौशिक एसडीओ, जिला परिषद, अंबाला।