संवाद न्यूज एजेंसी,
अंबाला। आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार (एडीजीपी) के अंतिम संस्कार में बुधवार को अंबाला सिटी से विधायक चौधरी निर्मल सिंह, विधायक अशोक अरोड़ा, विधायक पूजा चौधरी सम्मिलित हुए। यह सभी नेता लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के प्रतिनिधि के रूप में सम्मिलित हुए थे। उन्होंने आईपीएस के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए नमन किया। इस दौरान चौधरी निर्मल सिंह ने कहा कि वाई पूरण कुमार केवल एक अधिकारी नहीं थे, बल्कि अपने कर्तव्य, साहस और नैतिकता के प्रतीक थे। उनका जाना पुलिस सेवा के आत्मबल को गहराई से आहत करता है। निर्मल सिंह ने राहुल गांधी की ओर से मृतक अधिकारी के परिजनों को संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है और तब तक खड़ी रहेगी जब तक न्याय नहीं मिल जाता।