- विधानसभा में उठाई मंडियों में जल निकासी और सड़कों की समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। मुलाना क्षेत्र की अनाज मंडियों में सुविधाओं का अभाव है। इसे लेकर कांग्रेस विधायक पूजा ने विधानसभा सत्र के दौरान सरकार से सवाल किए। उन्होंने कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा से क्षेत्र की मंडियों में जल निकासी, सड़कों की मरम्मत, सीसीटीवी कवरेज, पेयजल और शेड जैसी आवश्यक अवसंरचनाओं का ब्योरा मांगा। मंत्री ने स्वीकार किया कि मुलाना की मंडियों में नई सड़कों, लाइटिंग, कैमरों, सीवरेज लाइन और शौचालयों जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी है।
हालांकि, विधायक पूजा ने मंत्री के जवाब पर असंतोष जताते हुए कहा कि वास्तविक स्थिति और भी बदतर है। उन्होंने प्रेस को बताया कि मंडियों में पक्के फड़, चहारदीवारी और पानी निकासी की समस्या मुख्य रूप से बनी है। विधायक ने सरकार से मांग की कि फसल सीजन शुरू होने से पहले सभी लंबित विकास कार्यों को पूरा किया जाए।