संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी के फारुखा खालसा स्कूल में खेलो निसा 2026 का समापन समारोह आयोजित किया गया। जुलाई में शुरू हुए इस आयोजन के तहत अगस्त से 10 खेल स्पर्धाएं करवाई गईं, जिनमें करीब 27 स्कूलों के 4,000 बच्चों ने भाग लिया। समारोह में विजेताओं के साथ 20 कोचों को भी ट्रॉफी प्रदान की गई।
ओवरऑल ट्रॉफी पर एंजल सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल खतौली ने कब्जा जमाया, जबकि फारुखा खालसा स्कूल दूसरे और सरस्वती विद्या निकेतन तीसरे स्थान पर रहा। मुख्य अतिथि राजेंद्र विज ने खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 830 खिलाड़ियों को पदक व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
खेलों से होता है सर्वांगीण विकास : राजेंद्र विज
मुख्य अतिथि राजेंद्र विज ने कहा कि मजबूत शरीर से ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। निसा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. कुलभूषण शर्मा ने कहा कि संगठन चार वर्षों से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए यह आयोजन कर रहा है। जिला अध्यक्ष आशुतोष गौड़ ने बच्चों से मंत्री अनिल विज द्वारा विकसित अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम का भ्रमण करने का आह्वान किया। इस मौके पर विशाल चुघ, हरपाल सिंह, प्रीतपाल सिंह, अभिमन्यु दुहन और केपी सिंह आदि मौजूद रहे।
-
हस्तियों और आयोजक स्कूलों का सम्मान
खेल व शिक्षा में उल्लेखनीय योगदान के लिए तिलक राज तनेजा, आलोक गुप्ता, करमजीत कौर और दिलप्रीत सिंह को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, प्रधानाचार्य भावना भनोट को स्पेशल अवाॅर्ड दिया गया। डीसी मॉडल स्कूल, सरस्वती विद्या निकेतन, गुरुकुल बराड़ा, एंजल स्कूल खतौली, डीपीएस अंबाला शहर और फारुखा खालसा स्कूल के प्रतिनिधियों को भी नवाजा गया।