अंबाला। कंप्यूटर ऑपरेटर की हड़ताल के चलते तहसीलों व अंत्योदय सरल केंद्र में ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, जमाबंदी, इंतकाल और रजिस्ट्री से संबंधित काम प्रभावित रहे। इस हड़ताल के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान लोग दिन भर इधर से उधर भटकते नजर आए। हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल्ज संघ के आह्वान पर अंबाला सिटी, अंबाला कैंट, मुलाना, बराड़ा और नारायणगढ़ तहसील तथा अंत्योदय सरल केंद्र के कंप्यूटर आपरेटर सुबह से ही हड़ताल पर रहे।
इसके बाद ऑपरेटर हड़ताल में शामिल होने के लिए करनाल के लिए 75 कर्मचारी रवाना हुए थे। जिला में चार तहसील व दो उप तहसीलें है। जहां पर दिन में कुल 40 रजिस्ट्री ही हुईं। सबसे अधिक कार्य अंबाला छावनी व अंबाला सिटी में प्रभावित रहा। यहां पर एक भी रजिस्ट्री नहीं हो सकी। इसके साथ ही अंत्योदय केंद्र में ड्राइविंग लाइसेंस व आरसी का कार्य भी नहीं हो सका।
कहां कितनी रजिस्ट्री हुईं
अंबाला छावनी- शून्य
अंबाला सिटी- शून्य
बराड़ा - 7
साहा- 15
मुलाना- 17
नारायणगढ़- 1
ये हैं कर्मियों की मांगें
डीआईटीएस का केंद्रीयकरण करते हुए बजट का प्रावधान किया जाए। सभी कार्यरत कर्मचारियों के पद सृजित किए जाएं। हरियाणा सरकार द्वारा जो नियमितीकरण की पॉलिसी तैयार की जा रही है, उसमें डीआईटीएस के अधीन कार्यरत कर्मचारियों को शामिल करते हुए नियमित किया जाए। नियमितीकरण की पॉलिसी लागू नही हो जाती तब तक 58 वर्ष की सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए। हरियाणा कौशल रोजगार निगम में भेजे गए सभी डीआईटीएस कर्मचारियों को डीआईटीएस में शामिल किया जाए। कैटेगरी ,पद अनुसार समान काम समान वेतन दिया जाए। डीआरडीए, रेडक्रॉस के समकक्ष डीआईटीएस के अधीन कार्यरत सभी कर्मचारियों को भी लाभ प्रदान किया जाए ।
गाडी के ट्रांसफर के बनवाने थे कागज
महेश नगर निवासी रजत का कहना है कि उसने अपनी गाड़ी के ट्रांसफर के कागज बनवाने है, लेकिन तहसील में आने पर पता चला कि ऑपरेटर हड़ताल पर है। इसके बाद वह आधा घंटा इंतजार कर वापस चला गया।
पत्नी संग इंतकाल निकलवाने आया था
बोह निवासी धर्मपाल ने बताया कि उसने अपनी पत्नी सुरेंद्रो देवी के नाम से इंतकाल निकलवाना था। तो वह अपनी पत्नी को लेकर तहसील में आया, लेकिन ऑपरेटर के हड़ताल पर होने के कारण इंतकाल नहीं निकला।
नहीं मिला इंतकाल का नंबर
अंबाला छावनी निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग राजकुमार ने बताया कि उसने इंतकाल का नंबर लेना है लेकिन कोई भी ऑपरेटर अपनी सीट पर नहीं बैठा जिसके कारण इंतकाल का नंबर नही मिला।
बाइक का नंबर लेने को लगाए तीन चक्कर
सुंदर नगर निवासी ऋषि का कहना है कि उसे बाइक का नंबर लेने के लिए अपने काम से छुट्टी की हुई है। जब वह अंत्योदय सरल केंद्र में आया तो उसे बताया गया कि कर्मचारी हड़ताल पर है उसे नंबर नहीं मिल सकता। लेकिन वह इससे पहले भी तीन बार चक्कर लगा चुका है।
-
वर्जन
कंप्यूटर ऑपरेटर की हड़ताल के चलते अंबाला छावनी की तहसील में रजिस्ट्री, जमांबदी और इंतकाल से संबंधित कोई काम नहीं हुआ। उम्मीद है मंगलवार को ऑपरेटर काम पर लौट आएंगे।
- सुनील कुमार, नायब तहसीलदार, अंबाला छावनी