अंबाला सिटी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सोमवार को मुख्यमंत्री घोषणाओं और जिला योजना स्कीम (डी-प्लान) के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याण से जुड़ी परियोजनाएं निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। जिला योजना अधिकारी हेमंतजीत सिंह ने बताया कि जिले में 260 घोषणाओं का काम पूरा हो चुका है, 21 पर तेजी से कार्य जारी है और 30 लंबित हैं। उपायुक्त ने पूर्ण या अंतिम चरण वाली परियोजनाओं का विवरण सीएम स्टेटस पोर्टल पर समय से अपडेट करने को कहा। देरी की वजह बनने वाली बाधाएं प्राथमिकता से दूर करने और लंबित मामलों के शीघ्र निपटान के निर्देश भी दिए गए। संवाद
बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
अंबाला सिटी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला सतर्कता समिति की बैठक में बाल श्रम व बंधुआ मजदूरी रोकने के लिए विभागों को समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईंट भट्ठों, ढाबों और संवेदनशील स्थानों की नियमित जांच करने तथा नियमों के उल्लंघन या बाल श्रम मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा। प्रवासी मजदूरों की शिकायतों के शीघ्र निपटान पर भी जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को भट्ठों पर काम करने वाले मजदूरों व बच्चों के लिए नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाने और शिक्षा विभाग को बच्चों की पढ़ाई सुनिश्चित करने के निर्देश मिले। बैठक में एसडीएम दर्शन कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद
स्कूल में लगाया विधिक जागरूकता शिविर
अंबाला सिटी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पैरालीगल वालंटियर सोनिया शर्मा ने 100 से अधिक विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह के कानूनी दुष्परिणामों, नशा मुक्ति और नालसा (डॉन) योजना, 2025 के लाभों के बारे में बताया। छात्रों को मौलिक कानूनी अधिकारों और शिक्षा के महत्व से भी अवगत कराया गया। साथ ही प्राधिकरण की नि:शुल्क कानूनी सहायता तथा आपातकालीन या कानूनी सलाह के लिए राष्ट्रीय विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 के उपयोग की विस्तार से जानकारी दी गई। संवाद