संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी के उपमंडल भवन में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चार शिकायतें आई, जिसमें फैमिली आईडी में गलत आय से राशन कार्ड कटने, अविवाहित पेंशन रुकने, आय सत्यापित न होने से नया राशन कार्ड अटकने, आय सत्यापित न होने की आई। साथ ही एक फरियादी नाली न बनने की छठी बार शिकायत लेकर पहुंचा, लेकिन एसडीएम के न मिलने पर वह वापस चला गया।
शिविर में नायब तहसीलदार आशीष ने लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। हलदरी गांव निवासी राजन ने बताया कि वह छठी बार समाधान शिविर में शिकायत लेकर आया है। उन्होंने बताया कि नाली की समस्या पिछले 96 दिनों से लंबित है। इसके समाधान के लिए उन्होंने सीएम विंडो, सीपीग्राम और डीसी ऑफिस सहित विभिन्न प्रशासनिक पोर्टलों पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग द्वारा 29,290 की लागत का एस्टीमेट स्वीकृत किया जा चुका है।
उनका आरोप है कि 5 सितंबर और 10 सितंबर को जब ठेकेदार और कर्मचारी नाली निर्माण व सफाई के लिए पहुंचे, तो गांव के कुछ लोगों ने काम रुकवा दिया। मजदूरों को धमकाकर निकाली गई मिट्टी दोबारा नाली में भरवा दी। उन्होंने मांग कि है कि आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई कर पुलिस सुरक्षा में नाली का निर्माण कार्य कराया जाए।
गलत आय दर्ज से कटा राशन कार्ड
छावनी के बीडी फ्लोर मिल के पीछे शालीमार बाग निवासी जसवंत सिंह बताया कि उनकी फैमिली आईडी में गलती से गलत आय दर्ज कर दी गई है। इसके कारण उनका राशन कार्ड कट गया। इसके अलावा, इसी त्रुटि के कारण उनकी अविवाहित पेंशन भी नहीं बन पा रही है।
-
आय सत्यापित न होने से अटका नया राशन कार्ड
छावनी के घसीटपुर निवासी रिंकू ने बताया कि उन्होंने फैमिली आईडी में आय सत्यापन के लिए नगर परिषद के चक्कर काटे इसके बाद भी आय सत्यापित नहीं हुई। इस कारण उनका राशन कार्ड नहीं बन पाया। समलेहड़ी निवासी अमन ने बताया कि उनकी पीपीपी में आय सत्यापित नहीं हो रही।