अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मन की बात कार्यक्रम केवल एक प्रसारण नहीं, बल्कि देश के विकास में जनभागीदारी का सबसे बड़ा माध्यम है। रविवार को अंबाला छावनी के डॉ. आरके अनेजा अस्पताल में प्रबुद्ध नागरिकों के साथ कार्यक्रम सुनने के बाद विज पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। अनिल विज ने प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए कम्युनिटी किचन के विचार को क्रांतिकारी बताया। उन्होंने कहा, जब समाज के सभी वर्ग के लोग एक स्थान पर बैठकर भोजन करते हैं, तो उनके बीच संवाद बढ़ता है और आपसी भाईचारे की जड़ें मजबूत होती हैं। यह सामाजिक समरसता का बेहतरीन संदेश है। मन की बात कार्यक्रम से पहले अनिल विज ने डॉ. आरके अनेजा अस्पताल के नवनिर्मित क्षेत्र का उद्घाटन किया। इस दौरान डॉ. आरके अनेजा, डॉ. रोजी अनेजा, संजीव वालिया और शहर के कई प्रमुख समाजसेवी व चिकित्सक मौजूद रहे। राष्ट्रीय मतदाता दिवस का जिक्र करते हुए विज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को पैगाम दिया है कि वोट बनना किसी के भी जीवन में जन्मदिन की तरह खुशी मनाने का अवसर होना चाहिए। संवाद