अंबाला-दिल्ली हाइवे पर कोहरे के बीच से गुजरते हुए वाहन। संवाद
अंबाला सिटी। ठंड इतनी बढ़ गई है कि धूप निकलने के बाद भी कड़ाके की ठंड बेहाल कर रही है। शुक्रवार को दिनभर ऐसे ही स्थिति रही। सुबह से ही धूप तो निकली, लेकिन ठंड ज्यादा होने से धूप भी बेअसर रही। इस वजह से लोग धूप में खड़े होने पर भी कांपते नजर आए, ऐसी स्थिति पिछले दो दिनों से बनी हुई है।
बर्फीली हवा चलने से ठंड ज्यादा बढ़ रही है। ठंड बढ़ने से न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटे में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान इस सीजन में अभी तक सबसे कम रिकॉर्ड किया गया है। धूप खिलने से दिन के तापमान में 4.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, बीते गुरुवार को भी कड़ाके की ठंड होने से शीतलहर चली थी। ठंड का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पहाड़ों से अधिक ठंडा अंबाला में हो रही है। 13 तक मौसम खुश्क रहने की संभावना : चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 13 जनवरी तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर पश्चिम शीत हवा चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट आने व दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने के आसार हैं।