अंबाला सिटी। दो दिन से पड़ रही कड़ाके की ज्यादा ठंड ने लोगों को परेशान कर दिया है। रविवार को दिन में धूप निकलने के बाद भी शीत दिन रहा। धूप ने लोगों को हल्की राहत तो दी मगर शीत लहर ने तपिश को कमजोर कर दिया। यही नहीं शनिवार-रविवार रात भी जनवरी माह की सबसे ठंडी रही।
13 जनवरी को रात का अधिकतम तापमान जनवरी माह में सबसे कम 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। यह सर्दी के सीजन का सबसे कम तापमान है। वहीं, मौसम विभाग ने सोमवार को भी अत्यधिक कोहरा छाने की आशंका जताई है। इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही कड़ाके की ठंड होने से अत्यधिक ठंडा दिन भी रिकॉर्ड हो सकता है। यही नहीं अगले चार से पांच दिन में कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार है और रात का तापमान और भी गिर सकता है। रविवार दिन में धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत भी मिली। लोग अपने घरों से बाहर धूप में टहलते नजर आए। लोग पार्कों और बाजारों में भी धूप निकलने पर पहुंचे। रविवार दिन का अधिकतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 4.8 डिग्री कम रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह तापमान पिछले 24 घंटे में 1.9 डिग्री सेल्सियस गिरा।
शून्य से 50 मीटर रही दृश्यता
मौसम विभाग चंडीगढ़ केंद्र के वैज्ञानिक अजय कुमार सिंह ने बताया कि रविवार भी कोल्ड जैसा ही रहा। मौसम साफ चल रहा है और जिससे अत्यधिक घना कोहरा छा रहा है। ऐसे में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। सोमवार को भी अत्यधिक घने कोहरे के लिए रेड अलर्ट और मंगलवार को आरेंज अलर्ट जारी किया है। घने कोहरे में शून्य से 50 मीटर और घने कोहरे में 50 से 200 मीटर तक दृश्यता रहती है। खुले एरिया में अत्यधिक घना कोहरा भी छा सकता है। जिससे दृश्यता शून्य तक भी रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अगले चार से पांच दिन तक कड़ाके की ठंड सता सकती है।
एक सप्ताह में रिकॉर्ड तापमान
जनवरी अधिकतम तापमान
8 10.9 6.0
9 10.4 6.2
10 10.8 6.5
11 11.9 6.6
12 11.0 5.4
13 12.4 6.3
14 13.0 4.4
15 दिन से पड़ रही है कड़ाके की ठंड
जनवरी माह के शुरुआत से ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछले 15 दिन में दो बार ही दिन सूरज निकला। रविवार को भी धूप निकलने से राहत रही। मगर धूप निकलने के साथ ही बीच-बीच में कोहरा छाने से मौसम भी खराब होता रहा और शीत लहर चलने से ठंड ने भी परेशान किया। शाम होते ही कोहरा छा गया।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
15 जनवरी को अत्यधिक घना कोहरा छाने की संभावना है। शीतलहर के साथ अत्यधिक ठंडा दिन रह सकता है। दिन का अधिकतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
16 जनवरी को अत्यधिक घना कोहरा छाने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
17 जनवरी को घना कोहरा छाने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
-18 जनवरी को घना कोहरा छाने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
स्कूल खुले तो होगी कार्रवाई
अंबाला सिटी। जिले के राजकीय और निजी स्कूलों में एक से 15 जनवरी तक सर्दी की छुट्टियां चल रही हैं। सर्दी की छुट्टियों में कई स्कूल खुलने की शिकायत बीते दिनों शिक्षा विभाग के पास पहुंची। जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने कहा कि एक से 15 जनवरी तक शिक्षा विभाग ने सभी राजकीय और निजी स्कूलों में छुट्टियां हैं। अगर कोई निजी स्कूल इन छुट्टियों में खुलता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी सर्दी की छुट्टियां नहीं बढ़ी हैं। इस बारे में सोमवार को ही पता चल सकेगा।