संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। एक निजी यूनिवर्सिटी के स्वीमिंग पूल में मंगलवार सुबह पूल को खाली करने के लिए उतरे 40 वर्षीय स्वीमिंग कोच अनिल की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, करंट वाटर पंप से लगना बताया जा रहा है। मृतक अनिल मूल रूप से जींद के रहने वाले थे और उनकी पत्नी भी इसी संस्थान में बतौर कोच सेवाएं दे रही हैं। मुलाना पुलिस ने कैंट के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मुलाना थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि जींद निवासी अनिल (40) एमएमयू के स्वीमिंग पूल पर बतौर कोच तैनात थे। छुट्टियां होने के कारण स्वीमिंग पूल को खाली करने के कार्य में जुटे थे। जैसे ही उन्होंने पानी निकालने के लिए वाटर पंप चलाया, उसमें करंट आने की बात सामने आ रही है। पुल में थोड़ा पानी था। अनिल पूरी तरह करंट की चपेट में आ गए और बेसुध होकर गिर पड़े। वहां मौजूद उनकी पत्नी नेहा उन्हें तुरंत अस्पताल ले गईं, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी के बयान पर इत्तेफाकन मौत की कार्रवाई की गई गई है।