रविवार की सुबह हुई बरसात के बाद दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, वहीं शाहपुर के खेत में बिछी गेंहू
अंबाला सिटी। मौसम का असर रविवार सुबह से ही देखने को मिला। सुबह हल्की बारिश हुई और दिनभर बादल भी छाए रहे। इससे धूप की तपिश ने परेशान नहीं किया। वहीं, सुबह घने बादलों को देखकर किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें बढ़ गईं।
हल्की बारिश से फसल की कटाई भी प्रभावित हुई। सोमवार को बारिश का असर कम रहने की संभावना है और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चल सकती है। रविवार दिन का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बारिश होने और बादल छाने से पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 4.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम आमतौर पर 15 अप्रैल तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है।
15 अप्रैल को हवा और गरज चमक के साथ राज्य के ज्यादातर स्थानों पर बीच-बीच में हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश की भी संभावना बन रही है। जिससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट रह सकती है, लेकिन रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में तेज हवा चलने की भी संभावना है।