अंबाला सिटी। सीएडब्ल्यूएस से संबंधित भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले लिपिकीय वर्ग के कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल के 30वें दिन वीरवार को रोष जताया। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार ने लिपिक वर्ग के हक और न्यूनतम वेतन 35,400 के प्रति कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की। लिपिक वर्ग ने थाली बजाकर जिले में मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ अपना विरोध जाहिर किया।
कर्मचारियों ने कहा कि सरकार लिपिकीय वर्ग से वेतन से ज्यादा काम लेती है और ग्रुप सी में केवल लिपिकीय वर्ग को निम्नतम वेतन दे रही है। उन्होंने बताया कि सीएडब्ल्यूएस राज्य कमेटी के आह्वान पर प्रदेश के सभी 22 जिलों में आंदोलन को तेज करने के लिए लिपिक वर्ग द्वारा थाली बजाओ सरकार जगाओ के तहत थाली बजाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। मंच संचालन विशाल पोटलिया ने किया।वीरवार को धरनास्थल पर राकेश, राजेश, राजन, विनोद कुमार, विशाल पोटलिया भूख हड़ताल पर रहे।