अंबाला। कोविड-19 की वजह से बार राज्य सरकार ने कांवड़ यात्रा पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। पहले कांवड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए मंदिर प्रतिनिधि एवं अन्य भक्त खूब काम करते थे। अब प्रशासन ने इन लोगों को उसी जोश व जिम्मेदारी के साथ यात्रा में शामिल होने वाले कांवड़ियों को जागरूक करने का आग्रह। कांवड़ियों से ये आग्रह किया जा रहा है कि इस बार वे हरिद्वार, गौमुख समेत किसी दूसरी जगह पर गंगा जल लेने न जाएं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकार ने कांवड़ यात्रा पर पाबंदी लगाने का फैसला किया है।
उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने सोमवार इस मुद्दे पर मंदिर प्रतिनिधियों, समाजसेवी व शिविर लगाने वाले लोगों से बातचीत की। इससे पहले उन्होंने सावन के महीने के पहले सोमवार की सभी को बधाई दी। फिर बताया कि कोविड-19 की वजह से इस बार कांवड़ यात्रा नहीं होगी। कोई भी श्रद्धालु कांवड़ लेकर न यहां से बाहर जाएगा और न बाहर से लेकर यहां आएगा। कहीं भी कोई कांवड़ शिविर नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिरों में सावन माह के पर्व पर अकसर भक्तों की आवाजाही रहती है, इसलिए मंदिर प्रतिनिधि सुनिश्चित करेंगे कि विश्व स्वास्थ्य संगठन एवं जिला प्रशासन द्वारा जो हिदायतें जारी की गई है उनका पालन सुनिश्चित करें।