फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजली सभा में 10 शिकायतें आईं, निपटारा किसी का नहीं

विज्ञापन
बिजली सभा में शिकायत सुनते अधिकारी। - फोटो : AMBALA
विज्ञापन
अंबाला सिटी। बिजली निगम की ओर से उपभोक्ताओं की समस्याओं के निदान के लिए बुधवार को धूलकोट स्थित एसई कार्यालय में बिजली सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान सभा में 10 से ज्यादा शिकायतें आईं, जिनमें किसी शिकायत का निपटारा नहीं हो पाया। अधिकारियों को सभी को शिकायतों के समाधान का सिर्फ आश्वासन दिया।
विज्ञापन

बुधवार को बिजली सभा का आयोजन फोरम के चेयरमैन दीपक जैन की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान एसई ऑपरेशन आरके खन्ना, अंबाला शहर व छावनी के कार्यकारी अधिकारी एवं एसडीओ मौजूद रहे। सभा में उपभोक्ताओं ने बिजली निगम अधिकारियों के समक्ष कई तरह की शिकायतें रखीं। बुधवार की सभा में ज्यादातर मामले लो वोल्टेज, रीडिंग नहीं लेने आने, अत्याधिक बिजली बिलों को ठीक करवाने के आए। लोगों का कहना था कि कभी अधिक बिल के नाम पर तो कभी गलत रीडिंग के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है।
1.40 लाख रुपये का बिल भेजा, नहीं हो रहा समाधान : नरेंद्र कुमार
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी नरेंद्र कुमार ने कहा कि उसका औसतन बिल दो हजार रुपये आता है, लेकिन उसे इस बार 1.40 लाख रुपये बिल भेज दिया। वह हार्ट का मरीज है। बिजली निगम के बार-बार चक्कर लगाने के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही। उसने सभा में मौजूद अधिकारियों को इस दौरान यह भी कह डाला कि यदि उसे कुछ हो गया तो इसका जिम्मेदार बिजली निगम होगा।
विज्ञापन

15 दिन पहले सीढ़ी लेने पहुंचे, अब तक नहीं लौटे : खरैती लाल
शहर के बलदेव नगर निवासी खरैती लाल ने सभा में मौजूद अधिकारियों को बताया कि उनके घर की बिजली खराब होने पर करीब 15 दिन पूर्व उन्होंने शिकायत दर्ज करवाई। कर्मी उसे ठीक करने के लिए तीन जुलाई को आए, लेकिन सीढ़ी लाने की बात कहकर वापस चले गए। उस दिन के बाद से कर्मचारी वापस नहीं लौटे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसको लेकर जब वह निकट स्थित बिजली निगम कार्यालय गए तो वहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई। शिकायत के संबंध में जब बिजली निगम में फोन किया तो किसी भी कर्मी या अधिकारी ने फोन तक उठाने की जहमत नहीं की।
आसमान में झूल रही तारें, हादसे की आशंका
लक्ष्मी विहार जंडली निवासी नागरिकों ने कहा कि एरिया की स्ट्रीट लाइट का पोल गिरने के बाद तारों को बांस के सहारे रोका गया था, लेकिन कुछ दिन बाद वह भी गिर जाने के कारण अब छत के सहारे बिजली की तारें झूल रही हैं। उन्होंने कहा कि इस कारण वहां हादसे की आशंका बनी है। उन्होंने तुरंत पोल लगवाने की मांग की। वहीं हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी अमृत लाल मदान ने बताया कि उनके एरिया में पांच घरों के आगे बिजली के खंभों पर पेड़ की बेलें चढ़ी हुई हैं जो दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। कई बार कहने के बावजूद इन बेलों को हटाया नहीं गया।
कई बार किया आवेदन, नहीं मिली घरेलू बिजली
निकटवर्ती गांव भानोखेड़ी निवासी बलजीत ने कहा कि उसने घर पर बिजली के लिए कई बार आवेदन किया, लेकिन वर्ष 2003 से अब तक उसे घरेलू बिजली उपलब्ध नहीं करवाई गई, जिस कारण उसे ट्यूबवेल की बिजली से काम चलाना पड़ रहा है।
मीटर चल रहा तेज, बिल आया 7 लाख रुपये
मानव चौक निवासी बाल कृष्ण ने कहा कि उसके घर पर लगा बिजली का मीटर काफी तेज चलता है। जिस कारण उसका एक साल का बिजली का बिल 7 लाख रुपये आया है। जबकि उसका लोड मात्र 3 किलोवाट है। उसने बताया कि इस संबंध में उसने कई बार बिजली निगम में जाकर शिकायत भी दर्ज करवाई, लेकिन विभाग को कहने के बावजूद उसका मीटर ठीक नहीं किया जा रहा।
औसतन बिल 17 हजार, एसएमएस आ रहा 800 रुपये का
शहर निवासी पुनीत भाटिया ने कहा कि उसका औसतन बिजली का बिल 17 हजार रुपये है, लेकिन उसे एसएमएस के माध्यम से 800 रुपये बिल जमा करवाने को कहा जा रहा है। उसने कहा कि अगर बाद में बिजली निगम इसको गलती बताते हुए एक साथ बिल मांगेगा तो वह कहां से देगा।
एक साथ आया 11 हजार 544 रुपये बिल
लक्ष्मी नगर निवासी कुलवंत सिंह ने कहा कि उसका कुछ माह से बिजली का बिल 20 हजार रुपये बकाया था, लेकिन उसने 5-5 हजार रुपये की किश्त भरकर वह चुकता कर दिया। इसके बावजूद इस बार 11 हजार 544 रुपये का बिजली बिल बनाकर उसे थमा दिया गया। जो कि रीडिंग के हिसाब से कम होना चाहिए।
सेक्टर-9 में आ रही लो वोल्टेज
सेक्टर-9 निवासी केडी शर्मा, योगेश व योगेंद्र व अन्य ने बताया कि उनके एरिया में बिजली की लो वोल्टेज की समस्या काफी अर्से से है। इस बारे में एक्सईएन, एसडीओ व अन्य बिजली निगम कर्मचारियों को भी शिकायत की, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके के जेई ने ट्रांसफार्मर उनके एरिया की बजाय अन्य जगह लगाकर खानापूर्ति कर दी, ताकि अधिकारियों के संज्ञान में शिकायत का समाधान बता सके। एरिया के लोगों ने आरोप लगाया कि जेई ने अन्य जगह ट्रांसफार्मर लगवा दिया है, जिस कारण वहां की लो वोल्टेज की समस्या अभी तक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि लो वोल्टेज के कार ण उनके घरों के कई बिजली के उपकरण भी जल गए हैं।
पहले आता था 1200 रुपये बिल, अब आ रहा 14 हजार
सेक्टर- 9 निवासी सुभाष कुमार ने बताया कि उनका बिजली का बिल पहले 1200 रुपये के आसपास आता था, लेकिन अबकी बार 14 हजार रुपये आया है। मार्च, अप्रैल माह का 8 हजार रुपये बिल आया था, जो कि औसतन बिल के हिसाब से ज्यादा होने के कारण उसका भुगतान नहीं किया गया। अब की बार निगम की ओर से अब तक का कुल 14 हजार का बिल भेज दिया।
बिजली खराब होने से जला मीटर, निगम ने करवाया बिजली चोरी का पर्चा दर्ज
नारायणगढ़ के गांव लालपुर निवासी रामकुमार ने बताया कि उसके भाई का देहांत हो चुका है। उन्होंने बताया कि उसके भाई के घर की बिजली गत माह खराब होने के कारण वहां लगा बिजली का मीटर जलकर खराब हो गया था। शिकायत बिजली निगम को की तो कर्मचारियों ने वहां का दौरा किया। रामकुमार ने बताया कि इसके बाद बिजली निगम अधिकारियों ने उल्टा उन्हीं के भाई की पत्नी के खिलाफ बिजली चोरी का पुलिस केस दर्ज करवा दिया और करीब 40 हजार रुपये जुर्माना लगा दिया। पीड़ित रामकुमार ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में सीएम विंडो, एसडीओ, एक्सईएन व पंचकूला स्थित बिजली निगम के उच्चाधिकारियों को भी शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
सभा में 10 से ज्यादा शिकायतें आई हैं। अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया है। बाकी शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन

- आरके खन्ना, एसई, बिजली निगम अंबाला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें