जमीनी धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एक ही परिवार के तीन लोगों के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों के खिलाफ गहन जांच कर रही है। दरअसल कलरहेड़ी गांव के रहने वाले सुमिंद्र सिंह ने सीएम विंडो पर एक शिकायत देकर अवतार सिंह के साथ उसकी पत्नी भूपिन्द्र कौर व बेटी जगनीत कौर पर जमीन हड़पने व चेक न देने के आरोप लगाए थे। सुमिंद्र ने बताया कि उसने अपनी 12 कनाल 5 मरले जमीन की सौदेबाजी भूपिन्द्र कौर से 50,53,200 में की थी। सौदेबाजी के दौरान आरोपियों ने उसे दो चेक एक 20 लाख व दूसरा 25 लाख का दिया था। जमीन की सौदेबाजी 14 सितंबर 2018 को तसदीक हो गई थी। सुमिंद्र ने बताया कि आरोपियों ने दोनों चेक उसे बैंक में लगाने का आग्रह किया था। बाद में आरोपी विश्वास में लेकर उससे दोनों चेक ले गए। तब आरोपियों ने उसे नकद भुगतान करने की बात कही थी। इसके बाद आरोपियों ने उसे नकदी व चेक देने से साफ मना कर दिया। उल्टा जगनीत कौर से उसके खिलाफ एक झूठी शिकायत पुलिस को दे दी। परिवादी का आरोप है कि सोची समझी साजिश के तहत आरोपियों ने उसकी जमीन भी हड़प ली। उल्टा अब उसे मानसिक तौर पर परेशान किया जा रहा है। शुरूआती जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने अब तीनों आरोपियों के खिलाफ ठगी का केस दर्ज कर लिया है।