अंबाला। ट्रेन मेें सफर करने वाली महिला को तुरंत सहायता मिलेगी। परेशानी के समाधान के लिए महिला को आरपीएफ हेल्पलाइन नंबर 182 पर फोन करना होगा। फोन के बाद आरपीएफ की मेरी सहेली टीम महिला के पास पहुंचेगी और उन्हें राहत पहुंचाएगी।
त्योहार शुरू हो चुके हैं। रेलवे ने भी ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। इसलिए यात्रियों की भीड़ अब बढ़ने लगी है। चाहे वह स्टेशन और या फिर ट्रेन, सभी जगह यात्री ही यात्री नजर आ रहे हैं, हालांकि अभी सिर्फ कंफर्म यात्रियों को ही स्टेशन पर प्रवेश और ट्रेनों में सफर की इजाजत है। इसमें ऐसी भी महिला यात्री शामिल होती हैं जो काम के सिलसिले में घर से कोसों दूर शहर में नौकरी कर रही होती हैं। रेलवे ने ऐसी अकेली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक योजना तैयार की है। इस योजना को मेरी सहेली का नाम दिया गया है। इस योजना को सही तरीके से अंजाम तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक मंडल स्तर पर आरपीएफ की महिला टीम का गठन किया गया है। रेल मंत्रालय के निर्देश पर मेरी सहेली योजना का शुरु किया गया है।
ऐसे करेगी काम
आरपीएफ की मेरी सहेली टीम ट्रेन में सफर करने वाली महिला यात्री की शिकायत पर तुरंत संपर्क करेगी। बीच रास्ते के स्टेशन पर महिला यात्री से समस्या बारे बातचीत कर, उसका टिकट नंबर, गंतव्य स्टेशन व मोबाइल आदि की जानकारी ली जाएगी। जब तक महिला यात्री अपने गंतव्य स्टेशन पर सुरक्षित नहीं पहुंच जाती तब तक मेरी सहेली टीम महिला यात्री से लगातार संपर्क में रहेगी और घर पर सुरक्षित पहुंचने के बाद भी महिला यात्री से कुशलक्षेम भी पूछेगी।
टीमें गठित
अंबाला मंडल के छावनी स्टेशन की आरपीएफ पोस्ट पर भी एक स्पेशल टीम का गठन किया गया है। इसमें महिला एसआई निशा के साथ 3 महिला कांस्टेबल कार्य कर रही हैं जो स्टेशन पर और ट्रेनों में अकेले सफर करने वाली महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 182 बारे जागरूक कर रही हैं।
सुरक्षा को लेकर काम शुरू
महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए बनाई गई विशेष टीम मेरी सहेली ने बखूबी काम शुरू कर दिया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर इस योजना को लागू किया है। टीम लगातार महिला यात्रियों से मिलकर उनकी डिटेल नोट कर रही है। अगर कोई महिला यात्री सहायता की गुहार लगाती है तो उसकी डिटेल को बीच रास्ते के स्टेशनों पर तैनात टीमों से सांझा किया जाता है।
-श्याम सुंदर, प्रभारी आरपीएफ पोस्ट।