दिल्ली में निजामुद्दीन मरकज से लौटे जिन 40 मुसलमानों में से 4 के सैंपल पीजीआई भेजे गए थे उनमें से दो कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। इनमें महाराष्ट्र के भिवांडी का सलीम और नेपाल से आया बोधराज शामिल हैं। इनमें से सलीम की हालत बिगड़ने पर छावनी नागरिक अस्पताल लाया गया जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं नेपाल का बोधराज फिलहाल छावनी नागरिक अस्पताल में स्थिर है। दूसरी तरफ पंजाब के बनूड़ के रामनगर से आया गुरदीप सिंह जिला नागरिक अस्पताल में पूरी तरह से स्थिर है। कुल मिलाकर अंबाला में अब कोरोना के 4 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इनमें से चौथे केस की मौत पीजीआई चंडीगढ़ में हो चुकी है। 67 वर्षीय बुजुर्ग हरजीत सिंह छावनी के टिंबर मार्केट में रहते थे। हरजीत सिंह की पीजीआई चंडीगढ़ में बुधवार को मौत हो गई थी।
78 मुस्लिम होम क्वारंटीन
अंबाला की विभिन्न मस्जिदों में मरकज से लौटे सभी 82 मुसलमानों में से 78 को अलग-अलग जगह क्वारंटीन किया गया है। इनमें से 4 आईसोलेट किए गए हैं। इनपर प्रशासन ने पूरी तरह से अपनी नजरें गढ़ा ली हैं। बता दें कि कुल 12 लोगों को पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टांगरी मस्जिद से हिरासत में लिया था। इनमें से 4 को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इन्हीं में से दो कोरोना पॉजिटिव मिले हैं जबकि दो के सैंपल नेगेटिव पाये गये हैं।
अंबाला में अभी तक कुल 59 सैंपल भरे
जिले की बात करें तो वीरवार तक जिले में कुल 59 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 43 नेगेटिव मिले हैं जबकि 3 पॉजिटिव। 5 सैंपल रिजेक्ट हो गए हैं। 8 सैंपल जोकि दो अप्रैल को भेजे गए उनकी रिपोर्ट आज आएगी।