अंबाला। छावनी के रेलवे अस्पताल की दूसरी मंजिल पर एक लावारिस भ्रूण मिलने से सनसनी फैल गई। अस्पताल स्टॉफ की तरफ से मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पड़ाव प्रभारी अजैब सिंह व आरपीएफ प्रभारी श्याम सुंदर मौके पर पहुंचे। भ्रूण को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी अजैब सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह लगभग 11 बजे रेलवे अस्पताल के ड्यूटी डाक्टर ने सूचना दी कि महिला वार्ड के शौचालय में एक भ्रूण पड़ा हुआ है। यह जानकारी उन्हें एक सफाई कर्मचारी ने दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृत भ्रूण को कब्जे में लिया। मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डिलिवरियों का खंगाला जा रहा रिकार्ड
पुलिस अधिकारी ने बताया कि भ्रूण लगभग 7 माह का है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए अस्पताल में हुई डिलिवरी का रिकार्ड खंगाला जा रहा है। यही नहीं इस बात की भी जानकारी हासिल की जा रही है कि क्या यह भ्रूण पहले यहां पड़ा हुआ था या कहीं से लाया गया था।