बिना परमिशन ही अंबाला क्लब में नए साल का जश्न मनाया गया। यहां बॉलीवुड सिंगर आलमगीर खान ने खूब धमाल मचाया। ऐसी ही स्थिति कैँट के फीनिक्स क्लब की भी रही। हालांकि यहां कोई बड़ा कलाकार नहीं आया फिर जश्न के लि प्रशासन की ओर स कोई अनुमति नहीं ली गई। मजे की बात है कि दोनों क्लबों में मंडल कमिश्नर व डीसी अहम पदाधिकारी हैं। देर रात तक डीजे की धुनों पर क्लब सदस्यों के साथ उनके पारिवारिक मेंबर भी झूमते रहे। डीसी अशोक शर्मा ने कहा कि बिना परमिशन के कोई कार्यक्रम नहीं होगा। सभी एसडीएम ऐसे कार्यक्रमों की परमिशन देकर चेक करने का काम करेंगे।
मौका-मौका फेम खान ने मचाया धमाल
अंबाला क्लब में इस बार क्रिकेट वर्ल्ड कप के गाने मौका-मौका से मशहूर बॉलीवुड सिंगर आलमगीर खान ने धमाल मचाया। क्लब सदस्यों के साथ उनके फैमिली मेंबर्स भी खान के गीतों पर खूब झूमे। हैरत की बात है कि अंबाला क्लब की ओर से इस आयोजन की परमिशन नहीं ली गई। बिना परमिशन के ही देर रात तक क्लब में नए साल के जश्न पर धमाल होता रहा। कार्यक्रम की परमिशन को लेकर क्लब के सभी पदाधिकारी पुष्टि करने से बचते रहे। खुद चेयरमैन अरविंद सिकरी ने कहा कि इस मुद्दे पर वे अभी बात नहीं कर सकते।
साहब हैं प्रेसिडेंट, इसलिए नहीं लेते परमिशन
अंबाला क्लब में प्रेसिडेंट डीसी होता है। इसलिए कभी किसी प्रोग्राम की परमिशन नहीं ली जाती। इस बार भी ऐसा ही हुआ है। बिना किसी परमिशन के ही ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। अब सवाल उठता है कि कार्यक्रम के दौरान कोई हादसा होने पर कौन जिम्मेदार होगा? इसका जवाब कोई भी देने को तैयार नहीं है।
फीनिक्स क्लब में ऐसी ही स्थिति
कैंट के फिनिक्स क्लब में नए साल के जश्न पर खूब धमाल हुआ। डीजे की धुन पर क्लब सदस्य देर रात तक मस्ती करते रहे। हालांकि इस मस्ती के लिए क्लब प्रबंधन की ओर से कोई परमिशन नहीं ली गई। चूंकि मंडल कमिश्नर इस क्लब की प्रेजिडेंट हैं इसलिए किसी ने परमिशन लेना जरूरी नहीं समझा। क्लब के चेयरमैन राकेश अग्रवाल ने कहा कि वे अभी कार्यक्रम के लिए तैयार हो रहे हैं इसलिए बाद में इस मुद्दे पर बात करेंगे।
बिना परमिशन कार्यक्रम हुआ तो होगी कार्रवाई : डीसी
डीसी अशोक शर्मा ने कहा कि बेशक वे अंबाला क्लब के प्रेजिडेंट हैं लेकिन बिना परमिशन के लिए कहीं भी कोई कार्यक्रम नहीं होगा। अगर किसी ने ऐसे किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। एसडीएम सिटी व कैंट इसके लिए ऑथराइज्यड हैं। उन्हें हर कार्यक्रम की चेकिंग करने के आदेश दिए गए हैं।
डीसी ऑफिस से जारी होती है परमिशन: मिड्ढा
सिटी की एसडीएम गौरी मिड्ढा ने कहा कि अंबाला क्लब ने कार्यक्रम की परमिशन ली है या नहीं इसकी मुझे जानकारी नहीं है। क्योंकि परमिशन डीसी ऑफिस से जारी होती है। चेकिंग के दौरान ही क्लब से परमिशन मांगी जाएगी। अगर नहीं मिली तो फिर निर्धारित कार्रवाई होगी। बिना परमिशन किसी को कार्यक्रम की इजाजत नहीं मिलेगी।