बराड़ा नगरपालिका की चेयरपर्सन रमा खेतरपाल की कुर्सी छीनने के लिए 11 पार्षदों ने एकजुट होकर मारंकड़ा नदी में खड़े होकर कसम खाई गई थी। इसके बाद ही उनके खिलाफ सदन में अविश्वास प्रस्ताव की जमीन तैयार हो गई थी। मंगलवार को 11 पार्षदों ने डीसी को रमा के खिलाफ शपथपत्र देकर उन्हें पद से हटाने की मांग की है। शपथपत्र में चेयरपर्सन पर विकास में रुचि तथा पार्षदों को सहयोग न करने के आरोप लगाए। ऐसी स्थिति में उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर कार्रवाई के लिए जल्द मीटिंग बुलाई जाए। उधर बागी पार्षदों की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए चेयरपर्सन के पति खुद डीसी ऑफिस के पास मंडराते दिखे।
9 पार्षदों ने डीसी से की मुलाकात
चेयरपर्सन रमा खेतरपाल के खिलाफ सदन में अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए मंगलवार को नपा के वाइस चेयरमैन सुरजीत सिंह की अगुवाई में 9 पार्षदों ने डीसी अशोक शर्मा से मुलाकात की थी। डीसी को जो शपथपत्र दिया गया। उसमें वाइस चेयरमैन सुरजीत सिंह के अलावा वार्ड नंबर-1 के शमशेर सिंह, वार्ड नंबर-2 के अमित कुमार, वार्ड नंबर-4 की पार्षद अभिलाषा, वार्ड नंबर-5 की योगिता रानी, वार्ड नंबर-6 की अंजू रानी, वार्ड नंबर-8 की सीमा देवी, वार्ड नंबर-9 के मनीष कुमार, वार्ड नंबर-11 के जसविंद्र पाल सिंह, वार्ड नंबर-13 की रिचा पाहवा व वार्ड नंबर-15 के दीपक बाजवा के साइन हैं। हालांकि मौके पर पार्षद जसविंद्र पाल सिंह व दीपक बाजवा मौजूद नहीं थे।
कलावड़ के पूर्व सरपंच किंगमेकर की भूमिका में
यमुनानगर के साढ़ौरा ब्लॉक् के गांव कलावड़ के पूर्व सरपंच रविंद्र राणा इस मामले में किंगमेकर की भूमिका निभा रहे हैं। सभी पार्षद उनकी निगरानी में हैं। पिछले दो दिन से रविंद्र राणा के साथ यमुनानगर के पूर्व पार्षद नवनीत शर्मा उर्फ नीलू पंडित भी उनके साथ हैं। यह भी बता दें कि यमुनानगर में 2013 में हुए मेयर चुनाव में भी राणा ने अहम भूमिका निभाई थी। तब सरोजबाला वहां पहली मेयर बनी थी।
जयपुर को रवाना हुए पार्षद
चेयरपर्सन रमा खेतरपाल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सदन की मीटिंग तय नहीं होती तब तक सभी पार्षदों के बराड़ा से बाहर रहने की बात कही जा रही है। मंगलवार को डीसी से मुलाकात के तुरंत बाद ही सभी पार्षद राजस्थान के लिए रवाना हो गए थे। अगले दो-तीन दिन तक उनके जयपुर में डेरा डालने की बात कही जा रही है। इसके बाद अगले ठहराव की योजना बनाई जाएगी। शाम सात बजे तक सभी 11 पार्षद कड़ी सुरक्षा में रोहतक पहुंच गए थे।
मारकंडा नदी में खाई थी कसम
चेयरपर्सन रमा खेतरपाल को उनके पद से हटाने के लिए पिछले कई दिन से लॉबिंग हो रही थी। कार्रवाई आगे बढ़ाने से पहले 8 दिसंबर को सभी पार्षद मारकंडा नदी में एकजुट हुए थे। यहीं सभी पार्षदों ने मिलकर कसम खाई थी। यह कहा था कि कसम खाने के बाद कोई भी गद्दारी नहीं करेगा। यानि पीछे नहीं हटेगा। इसके बाद ही अविश्वास प्रस्ताव की कार्रवाई शुरू हुई ।
मीटिंग के लिए भेजे नोटिस
चेयरपर्सन के खिलाफ सदन मेें अविश्वास प्रस्ताव लाने की कार्रवाई बराड़ा के एसडीएम ऑफिस पहुंच गई है। बंद लिफाफे में पहुंचे लेटर पर एसडीएम को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। अब अविश्वास प्रस्ताव पर मीटिंग के लिए अगले 2 दिन में चेयरपर्सन समेत सभी पार्षदों को नोटिस भेजने की बात कही जा रही है।
11 पार्षदों ने चेयरपर्सन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की डिमांड की है। मैंने पूरे मामले के लिए एसडीएम बराड़ा को अर्थोराइज्यड कर दिया है। अब सदन की मीटिंग के लिए एसडीएम ही सभी पार्षदों को कॉल करेंगे। पूरी निष्पक्षता से यह कार्रवाई की जाएगी।
अशोक शर्मा, डीसी, अंबाला