अंबाला। अनैतिक कार्यों में संलिप्त दीप होटल को नगर परिषद की टीम ने वीरवार को सील कर दिया। उक्त कार्रवाई नप सचिव राजेश कुमार, बिल्डिंग इंस्पेक्टर रमेश सहित अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में की गई। इस संबंध में संपदा अधिकारी, एक्साइज एरिया की तरफ से निर्देश दिए गए थे। वहीं कार्रवाई से पहले पांच सदस्य टीम ने मामले से जुड़े प्रत्येक जांच की और फिर इसकी विस्तृत रिपोर्ट संपदा अधिकारी को दी।नप सचिव राजेश कुमार ने बताया कि होटल की लीज 99 साल के लिए थी जोकि 15 दिसंबर 2021 से 14 दिसंबर 2020 तक थी। इस संबंध में दीप होटल के संचालक दीपक बत्रा को 2 मार्च को नोटिस दिया गया था और उसे जगह खाली करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन न तो उसने नोटिस का जवाब दिया और न ही जगह खाली की। इसलिए अब दीप होटल पर सील लगाकर कब्जा लिया गया है।
-
बैंक के बाहर चस्पाया नोटिस
दीप होटल के साथ ही चल रहे एक बैंक को भी नप ने नोटिस दिया है और उसे भी खाली करने के निर्देश दिए गए हैं क्योंकि यह जगह भी लीज की थी जोकि अब खत्म हो गई है। बैंक को इसके लिए कुछ समय भी दिया गया है।
-
ऐसे आया था नजरों में
अंबाला कैंट के राय मार्केट स्थित दीप होटल में पिछले काफी समय से अनैतिक कार्य चल रहे थे। पुलिस को जब इसकी भनक लगी तो होटल पर छापा मारा गया और इस दौरान होटल कर्मचारियों सहित दो लोगों को पकड़ा गया। इसमें एक युवती भी थी। नेपाल मूल की युवती ने होटल में चल रहे खेल की पोल पुलिस के समक्ष खोल दी थी। इसके बाद पुलिस ने दीप होटल के मालिक दीपक बत्रा सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी थी।
-
राय मार्केट में बना दीप होटल 99 साल की लीज पर था। होटल की लीज 14 दिसंबर 2020 को खत्म हो गई थी। संपदा अधिकारी, एक्साइज एरिया द्वारा होटल मालिक दीपक बत्रा को नोटिस देकर जगह खाली करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। अब उच्चाधिकारियों के निर्देश पर होटल को सील कर दिया गया है। इसके साथ चल रहे बैंक को भी खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजेश कुमार, सचिव नगर परिषद, सदर।