फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दस करोड़ की सड़कें निगल गई बरसात

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबाला। इस बार बरसाती सीजन से सड़कों को भारी नुकसान हुआ है। करीब दस करोड़ की सड़कें बरसाती पानी निगल गया। शहर की अपेक्षा इस सीजन में सबसे ज्यादा नुकसान ग्रामीण आंचल की सड़कों को हुआ है। यहां बरसात की वजह से 24 किलोमीटर लंबी सड़कें टूटकर बिखर गई। अब ये टूटी सड़कें वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन रही हैं। हालांकि राहगीरों की मुश्किल का हल निकालने के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से कसरत शुरू कर दी गई है। अफसर अभी बरसाती पानी से सड़कों को हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। तब सड़कों के निर्माण व रिपेयर के लिए राज्य सरकार को बजट की डिमांड भेजी जाएगी।
विज्ञापन

शहरी एरिया में सड़कों को कम नुकसान
इस बार बरसाती सीजन में अंबाला सिटी व कैंट के शहरी एरिया में पानी से सड़कों को कम नुकसान हुआ है। नेशनल हाइवे से जुड़े लिंक रोड्स को बरसाती पानी से नुकसान हुआ है। इस कारण लिंक रोड्स से गुजरने वाले लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। कैंट व सिटी में पीडब्ल्यूडी की ओर से टूटी सड़कों की रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। अधिकारियों की मानें तो शहरी एरिया से जुड़े गांवों में बरसाती पानी की वजह से इस बार करीब डेढ़ करोड़ का नुकसान हुआ है। शहरी एरिया में पीडब्ल्यूडी की ज्यादा सड़कें बरसाती पानी से बची रही।
ग्रामीण इलाकों में सड़कों को ज्यादा नुकसान
इस बरसाती सीजन में अबकी बार डिवीजन नंबर-2 में सड़कों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। खासतौर पर मारकंडा व उसकी सहयोगी नदियों ने इलाके की करीब 24 किलोमीटर लंबी सड़कों को नुकसान पहुंचाया है। इसकी वजह से कई जगह तो सड़कें बरसाती पानी में बह गई। रही सही कसर मारकंडा व उसकी सहयोगी नदियों के पानी ने पूरी कर दी। क्योंकि बरसात खत्म होने के बावजूद इन नदियों का पानी गांवों की सड़कों पर कई दिन तक जमा रहा। इसके कारण पानी से सड़कें टूट गई। टूटकर पूरी तरह बिखरी सड़कों की हालत खस्ता हो गई है। ग्रामीण तुरंत इन सड़कों के निर्माण की मांग कर रहे हैं।
विज्ञापन

केस स्टडी एक
अंबाला-हिसार मार्ग पर संपत पेट्रोल पंप से बलाना गांव तक इस बार बरसाती पानी ने सड़क को काफी नुकसान पहुंचाया है। सड़क का करीब 400 मीटर लंबा हिस्सा बरसाती पानी में बह गया है। शहरी एरिया की इस सड़क के टूटने से काफी नुकसान हुआ है। पीडब्ल्यूडी ने अपनी रिपोर्ट में इस टूटी सड़क को शामिल किया है।
केस स्टडी-2
खानपुर से फडौली तक जाने वाली सड़क भी बरसाती पानी के कारण टूट गई। टूटकर बिखर चुकी इस सड़क की हालत बेहद खस्ता है। इस सीजन में बरसाती पानी ने सड़क को लील लिया। सड़क का लंबा हिस्सा पूरी तरह डैमेज हो चुका है। कई जगह गहरे गड्ढे पड़ चुके हैं। इस कारण सड़क से राहगीरों का गुजरना मुश्किल हो गया है।
केस स्टडी-3
अंबाला-नारायणगढ़ रोड भी बरसात के कारण कई जगह से खराब हो गया है। बरसाती पानी के कारण सड़क पर कई जगह गहरे गड्ढे पड़ गए हैं। बरसात से पहले सड़क पूरी तरह ठीक थी। बरसात के बाद पीडब्ल्यूडी की ओर से टूटी सड़क की रिपोर्ट तैयार की गई है। साथ ही नुकसान का भी आंकलन किया जा रहा है।
केस स्टडी-4
बराड़ा से सुभरी जाने वाली सड़क को इस बार बरसाती पानी ने भारी नुकसान पहुंचाया है। बरसात के कारण मारकंडा व सहयोगी नदियों में आए उफान के बाद इनका पानी मुख्य सड़क पर जमा हो गया। पानी के कारण सड़क कई जगह से टूट गई। पानी की निकासी के लिए एक जगह तो खुद ग्रामीणों ने सड़क को तोड़ दिया। बरसात से इस सड़क को भारी नुकसान हुआ है।
केस स्टडी-5
बराड़ा से घेलड़ी जाने वाली सड़क को भी मारकंडा व सहयोगी नदियों के पानी ने नुकसान पहुंचाया है। इस सड़क पर भी बरसाती पानी कई दिन तक जमा रहा। इस कारण सड़क टूटकर बिखर गई। अब सड़क पर कई जगह गहरे गड्ढे पड़ चुके हैं। राहगीरों के लिए इस सड़क से गुजरना अब बड़ी चुनौती बन रहा है। अधिकारियों ने इस सड़क को हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार की है।
केस स्टडी-6
मुलाना से हेमा माजरा गांव को जाने वाली लिंक सड़क भी पानी के कारण टूट गई। नेशनल हाइवे से सटी इस सड़क को बरसाती पानी से खासा नुकसान हुआ है। पीडब्ल्यूडी अधिकारी नए सिरे से ही इस सड़क का निर्माण होने की बात कह रहे हैं। इस सड़क पर भी बरसात के बाद काफी दिन तक पानी जमा रहा था। अब सड़क की हालत खस्ता है।
शहरी एरिया की सड़कों को इस बार ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। कुछ लिंक रोड्स को बरसात के कारण नुकसान हुआ है। जल्द ही उनकी रिपेयर करवा दी जाएगी। विभाग की ओर से टूटी सड़कों की जो रिपोर्ट तैयार की गई है उसके तहत करीब डेढ़ करोड़ का नुकसान हुआ है। टूटी सड़कों की रिपेयर व निर्माण के लिए बजट डिमांड भेजी जाएगी।
निशांत सिल्वेनिया, एक्सईएन, सब डिवीजन-1
इस बरसाती सीजन में सबसे ज्यादा नुकसान ग्रामीण अंचल की सड़कों को हुआ है। खासकर बराड़ा व मुलाना कस्बे में मारकंडा व सहयोगी नदियों के पानी ने सड़कों को बेहद नुकसान पहुंचाया है। अकेले मेरी डिवीजन में बरसात से आठ करोड़ की सड़कों को नुकसान हुआ है। इसकी पूरी रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेज दी गई है। बजट मंजूर होते ही सड़कों की रिपेयर व निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

जसविंद्र मलिक, एक्सईएन, डिवीजन नंबर-2
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें