अंबाला सिटी। सेंटर आफ इंडियन ट्रेड यूनियन सीटू के करनाल में होने वाले 15वें राज्य सम्मेलन में जिला के पांच पदाधिकारी भाग लेंगे। इनमें कविता शर्मा, सतीश सेठी, ललिता खन्ना, बाबू राम, रोहताश व शीतल राम शामिल है। रविवार को शहर बस स्टैंड के जलघर में सीटू की ओर से बैठक का आयोजन किया गया। वहीं, सम्मेलन के पहले दिन 25 अक्तूबर को फुहारा पार्क सेक्टर-12 करनाल में आम सभा का आयोजन भी किया जाएगा, जिसे सीटू की राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. के. हेमलता व राष्ट्रीय सचिव एआर सिंधु संबोधित करेंगी।
सीटू जिला सांगठनिक कमेटी की बैठक के बाद संयोजक कविता व उप संयोजक सतीश सेठी ने बताया कि पिछले 10 वर्षों से प्रदेश सरकार की ओर से न्यूनतम वेतन रिवाइज नहीं किया है, जोकि नियम मुताबिक हर पांच साल बाद होना चाहिए। यदि 2020 में रिवीजन हुआ होता तो अब न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये महीना से ज्यादा होता, लेकिन सरकार की ओर से चुप्पी साध लेने के कारण न्यूनतम वेतन 11,257 रुपये है। यह मजदूर की सरेआम लूट है। यही नहीं परियोजना वर्कर्स व कच्चे कर्मचारियों की सेवाएं नियमित करने पर भी प्रदेश सरकार मौन धारण किए हुए है। भवन निर्माण मजदूरों को मिलने वाले लाभों पर रोक लगा रखी है। रेहड़ी फड़ी लगाकर अपनी गुजर बसर करने वालों को हर दिन प्रशासन अपमानित करता है। इन सब मांग मुद्दों पर सम्मेलन में चर्चा कर प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन का एलान किया जाएगा। बैठक में कविता शर्मा, सर्वजीत कौर, सतीश सेठी, तारा चंद, राम चंद्र, ललिता खन्ना, सोनिया, रोहताश, राम दास, प्रकाश, राजिंद्र, बरखा राम शामिल हुए।