सिटी पार्क में ग्रामीण चौकीदार सभा का आयोजन किया गया। प्रवक्ता
अंबाला सिटी। सिटी पार्क में ग्रामीण चौकीदार सभा का आयोजन किया गया। सभा में केंद्र व प्रदेश सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ 12 फरवरी की हड़ताल को लेकर सीटू ने कमर कसी। बैठक का नेतृत्व जिला प्रधान बाबू राम ने किया। आशा वर्कर्स यूनियन जिला प्रधान सर्वजीत कौर व मिड डे मील वर्कर्स यूनियन सचिव सोनिया ने कहा कि यह हड़ताल चारों लेबर कोड वापस लेने, न्यूनतम वेतन 26 हजार लागू करने, अस्थायी कर्मियों व परियोजना वर्कर्स की सेवाएं स्थायी करने, मनरेगा को बहाल कर 200 दिन काम व 800 रुपये दिहाड़ी देने आदि मांगों को लागू कराने के लिए होगी।
सीटू जिला उप संयोजक सतीश सेठी व कमेटी सदस्य कुलदीप चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार ने पहले मजदूर विरोधी चार लेबर कोड लागू किए, फिर ग्रामीण मजदूरों की रोजी रोटी पर हमला करते हुए मनरेगा को खत्म कर दिया। हड़ताल को लेकर 15 जनवरी को जींद में बैठक बुलाई गई है, वहीं 19 जनवरी को उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन करने का फैसला भी लिया गया, इसके अलावा 12 जनवरी को शिक्षा सदन पंचकूला पर मिड डे मील वर्कर्स के प्रदर्शन, श्रम मंत्री के आवास पर 17-18 जनवरी को दो दिन का पड़ाव, 18 जनवरी को परिवहन मंत्री निवास पर मास डेपूटेशन, 20 जनवरी को आशा वर्कर्स के प्रदर्शन व हरियाणा ग्रामीण चौकीदार सभा के बजट सत्र पर चंडीगढ़ कूच के समर्थन का भी फैसला लिया गया।