अंबाला। छावनी के हिल रोड स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर मंगलवार की शाम विग्रहों की नगर परिक्रमा करवाई गई। इसके साथ ही महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। यह नगर परिक्रमा मंदिर से शुरू होकर वापस मंदिर पर ही समाप्त हुई।
सनातन धर्म सभा के मैनेजर सुशील गोयल ने बताया कि मंदिर में 14 से लेकर 19 जनवरी तक मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान मंगलवार को मंदिर में सबसे पहले पंडित द्वारा विविध विधान के साथ पूजन किया गया।
इस पूजन के दौरान मुख्य यजमान के रूप में सुधीर बिंदलस, प्रोमिला अग्रवाल, सतीश गुप्ता और अनिल गुप्ता मौजूद रहे। इसके बाद दोपहर को माता कालीबाड़ी मंदिर से 51 कलश में महिलाओं द्वारा जल भरकर लाया गया।
शाम के समय छोटे ट्रैक्टर पर श्रीराधा कृष्ण, नवग्रह और शनि शिला के स्वरूप की नगर परिक्रमा शुरू की गई। इस नगर परिक्रमा के साथ कलश यात्रा भी निकाली गई। यह नगर परिक्रमा सनातन धर्म मंदिर से शुरू होकर होकर बीडी स्कूल, गुड़ बाजार पहुंची।
जहां पर सभा के प्रधान प्रोफेसर ताराचंद गुप्ता द्वारा नगर परिक्रमा का स्वागत किया गया। इसके बाद यह नगर परिक्रमा अनाज मंडी पहुंची यहां पर सभा चेयरमैन लक्षमी खन्ना ओर राकेश गुप्ता द्वारा स्वागत किया गया। इसके बाद यह नगर परिक्रमा सर्राफा बाजार पहुंची यहां पर सभा महासचिव सुधीर बिंदलस द्वारा स्वागत किया गया। यहां से यह नगर परिक्रमा बाजार बजाजा, कसेरा बाजार, चमेली पुल, राम बाजार, सब्जी मंडी, काली बाड़ी मंदिर चौक से होते हुए सनातन धर्म मंदिर पर समाप्त हुई।