अंबाला सिटी। श्रीकृष्ण कृपा गीता मंदिर सेक्टर-8 में पांच दिवसीय श्रीमद्भागवत गीता पर आधारित बाल संस्कार समर शिविर का आयोजन किया गया। जिसका आयोजन गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज की सत्प्रेरणा से किया गया। शिविर में 7 से 15 वर्ष के बच्चों के लिए प्रातः 10 से एक बजे तक भाग लिया।
शिविर में कीर्ति ग्रोवर, गीता चावला, अलका मलहोत्रा, इंदु बजाज, आशु ढींगरा, रूपम अरोड़ा आदि प्रशिक्षकों की ओर से बच्चों को गणेश वंदना, गुरु वंदना, गायत्री मंत्र, हिंदी वर्णमाला की गिनती, ओम का उच्चारण व श्रीमद्भागवत गीता से संबंधित ज्ञान की बातें सिखाई गई। उन्होंने बच्चों को समझाया कि नाश्ते, दोपहर के भोजन तथा रात्रि विश्राम के पूर्व श्रीमद्भागवत गीता के तीन-तीन श्लोकों के उच्चारण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
रविवार को शिविर के समापन समारोह पर स्वामी ज्ञानानंद महाराज की ओर से बच्चों को आशीर्वाद व प्रमाण-पत्र देने के लिए स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों से बातें की और पूछा कि उन्हें इस समर शिविर में क्या-क्या अच्छा लगा। बच्चों ने स्वामी ज्ञानानंद को बताया कि उन्होंने संस्कृत में श्रीमद्भागवत गीता के श्लोक, योग आसन, भजन व नृत्य इत्यादि सीखा। बच्चों ने स्वामी ज्ञानानंद से यह भी कहा कि इस शिविर की अवधि को कुछ और दिनों के लिए बढ़ाया जाए। इस अवसर पर सुनीता छाबड़ा, शिवानी बच्चों के अभिभावकों ने भी शिविर में भाग लिया। इस शिविर को सफल बनाने में हैप्पी चावला व केवल चावला का विशेष योगदान रहा।