अंबाला सिटी। पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल के ऑडिटोरियम में ग्रैंड पेरेंट्स पर कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर दादा-दादी और नाना-नानी का स्वागत बच्चों ने तिलक लगाकर और मोली बांधकर किया। जिसे देखकर ग्रैंड पेरेंट्स खुश हुए। स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. विकास कोहली ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हम रिश्तों को मजबूत करने के लिए मदर्स डे, फादर्स डे, ब्रदर्स डे और सिस्टर डे मनाते हैं, ठीक उसी तरह से नाती-पोतों और ग्रैंड पेरेंट्स के रिश्ते को और खास बनाने के लिए ग्रैंड पेरेंट्स डे भी मनाया जाता है। बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। बच्चों ने अपने प्यारे-प्यारे दादा और दादी का कार्यक्रम में स्वागत डांस के माध्यम से किया। कार्यक्रम में नर्सरी के बच्चों ने इट्स माय फैमिली सांग के माध्यम से अपने परिवार में दादा-दादी नाना-नानी की अहमियत को दिखाया कि किस तरीके से छोटे-छोटे बच्चे अपने दादा-दादी और नाना-नानी से प्रेम करते हैं। छोटे बच्चों ने भगवान राम के जीवन पर आधारित रामायण का सुंदर मंचन कर सबको आनंदित किया। पूरे वर्ष की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी दी गई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. आरआर सूरी, प्रधानाचार्य जयदेव शर्मा, रिटायर्ड इंजीनियर वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य एवं भारत विकास परिषद के सदस्यों ने कार्यक्रम में शिरकत की।