गुरबाणी कंठ और दस्तार मुकाबले में विजेता विद्यार्थी। संस्था
बराड़ा। गुरुद्वारा श्री दशमेश साहिब, सिंहपुरा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रथम प्रकाश पर्व और गुरुद्वारा के 32वें स्थापना दिवस पर धार्मिक समागम आयोजित किया गया। इसके तहत गुरबाणी कंठ और दस्तार मुकाबले करवाए गए, जिनमें करीब 100 बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने गुरबाणी पाठ और दस्तारबंदी में अपनी प्रतिभा दिखाई। अव्वल रहे विजेताओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजक तरसेम सिंह, राजिंदर सिंह, हरपाल सिंह, गुरबख्श सिंह, पार्षद गुरजिंदर कौर और विजय छाबड़ा ने बच्चों के धार्मिक ज्ञान की सराहना की।
गुरुद्वारा प्रधान तरसेम सिंह ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सिख सिद्धांतों और गुरु साहिब की शिक्षाओं से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह 9 बजे भव्य कीर्तन दरबार सजाया जाएगा। इसमें पटना साहिब से रागी भाई सरबजीत सिंह और दरबार साहिब अमृतसर से कथावाचक भाई जगतार सिंह संगत को गुरबाणी व कथा से निहाल करेंगे।