संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। जंक फूड जितना जल्दी बनकर तैयार होता है। उतना ही जल्दी वह हमारे शरीर को बीमारियों के नजदीक पहुंचा देता है। इन दिनों जंक फूड का अधिक सेवन करने से बच्चों में उम्र से पहले ही गैर संचारी रोग जैसी शुगर, मोटापा आदि हो रही हैं। इन सब बीमारियों का मुख्य कारण जंक फूड का अत्यधिक सेवन करना है। जंक फूड के सेवन से शरीर में सिर्फ सोडियम और बुरे फैट की मात्रा बढ़ती है, इससे हमारी शरीर कुपोषित होने लगता है, जिस कारण शुगर जैसी बीमारियां समय से पहले ही घेर लेती हैं। इन दिनों नागरिक अस्पताल की ओपीडी में 10 से 15 बच्चे ऐसे आ रहे हैं जिनका वजन उनकी आयु के अनुपात से कहीं अधिक होता है।
विटामिन का स्तर घट जाता है
पेट संबंधी बीमारियों के विशेषज्ञ डॉ. हर्ष खुशवाह ने बताया कि जंक फूड के कारण हमारे शरीर में विटामिन बी 3 और वी-12 की कमी हो जाती है, इनकी कमी से पाचन शक्ति कमजाेर हो जाती है, जिससे हमारी शरीर में बनने वाले इंसुलिन का स्तर बिगड़ जाता है। नतीजतन कम उम्र में ही शुगर जैसी बीमारी लग जाती हैं, इसके साथ ही अत्यधिक वसा वाले खाद्य पदार्थों से लिवर पर भी असर पड़ता है। फैटी लिवर जैसी समस्या देखने को मिलती है।
जीवनशैली सुधारने की जरूरत
आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. शैफाली गोयल ने बताया कि पेट से जुड़ी समस्याओं से बचाव के लिए खानपान और दिनचर्या में बदलाव जरूरी है, ऐसे में अधिक तला-भुना या मसालेदार खाना न खाएं। भूख लगने पर ही भोजन करें और समय पर खाना खाएं। खाने के तुरंत बाद भारी व्यायाम न करें। भोजन को धीरे-धीरे अच्छी तरह चबाकर खाएं। हरी सब्जियां, फल, दालें और अंकुरित अनाज जरूर शामिल करें।