अंबाला सिटी। सावधान! अंबाला में इन दिनों बच्चा चोर गिरोह सक्रिय है। पिछले कुछ दिन से संदिग्ध लोग शहर में घूम रहे हैं, जो अचानक बच्चों को अपना निशाना बना रहे हैं। वीरवार को भी अंबाला शहर में ऐसा ही मामला सामने आया है। इसके अलावा मुलाना और अंबाला शहर के अलग-अलग तीन मामलों में भी कुछ ऐसे ही संदिग्ध लोगों को आमजन ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। इन घटनाओं को लेकर शहरवासियों में बहुत ज्यादा रोष और चिंता बनी हुई है। उधर, जिला पुलिस का दावा है कि लोगों को ऐसी घटनाओं से घबराने की जरूरत नहीं है। पुलिस इस मामले में पूरी तरह गंभीर है।
गुरुवार को भी शहर की पुरानी बकरा मंडी में उस समय जमकर हंगामा हुआ जब कुछ स्थानीय निवासी एक युवक को बच्चा चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसकी धुनाई करने लगे। इसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस उस युवक को अपने साथ ले गई।
उधर, दो दिन पहले मोती नगर में एक बच्चे का अपहरण करते हुए एक व्यक्ति को रंगेहाथ काबू किया था। वीरवार को फिर से अंबाला शहर में एक व्यक्ति को पकड़ा गया। यह व्यक्ति शहर के नाहन हाउस एरिया के पास जोगीवाड़ा पुरानी बकरा मंडी के नजदीक घर के बाहर खेल रही दो बच्चियों का हाथ पकड़कर अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था। उसी दौरान एक स्थानीय व्यक्ति गुरनाम वहां से गुजर रहा था। उसने देखा कि एक संदिग्ध व्यक्ति घर के बाहर खेल रही दो बच्चियों में से एक बच्ची का हाथ पकड़कर ले जा रहा था। गुरनाम को उस व्यक्ति पर शक हुआ और उसने उसे पकड़ लिया व दोनों बच्चियों को उनके घर ले गया। इसके बाद उन बच्चियों के परिजनों ने बताया कि वह उस व्यक्ति को नहीं जानते। इसके बाद वहां काफी लोग जमा हो गए और पुलिस को भी सूचित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उस व्यक्ति को अपने साथ ले गई।
बकरा मंडी में मौके पर लोगों की बढ़ती भीड़ देख पुलिस उस आरोपी को जिप्सी में बिठाकर शहर थाने में ले गई। लोगों ने इस दौरान जिप्सी भी निकलने नहीं दी। बड़ी मुश्किल से पुलिस ने उन लोगों को शांत करवाते हुए वहां से जिप्सी निकाली। चौकी नंबर चार के इंचार्ज वरयाम सिंह ने बताया कि अभी हम आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं। अभी जांच चल रही है।
आरोपी पुलिस को करता रहा गुमराह
शुरुआती पूछताछ में उस संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। वह व्यक्ति अपने आपको को नेपाल तो कभी कहीं और का व्यक्ति बताने लगा। पुलिस को इस व्यक्ति के पास से दो कैंचियां, तीन उस्तरे, शेव का सामान आदि थैैले में मिला है। बच्चा चोर की बात शहर में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते ही नाहन हाउस क्षेत्र के भारी संख्या में लोग पुलिस चौकी पहुंच गए। आलम यह रहा कि पूरी पुलिस चौकी के अलावा लोगों का एक बड़ा हुजूम चौकी के बाहर खड़ा रहा। इस दौरान स्थानीय लोग उस व्यक्ति को पीटना चाह रहे थे, लेकिन पुलिस ने कानून व्यवस्था की दुहाई देते हुए उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस का कहना है कि वह पहले उससे स्वयं पूछताछ करेंगे और असलियत का पता लगाएंगे।
तीन जगह पकड़े संदिग्ध
गुरुवार दोपहर जब पुलिस चौकी नंबर - 4 में मामले को लेकर हंगामा चल रहा था कि इतने में शहर के जगाधरी गेट व बलदेव नगर में स्थानीय निवासियों ने दो और संदिग्ध लोगों को पकड़ लिया। स्थानीय निवासियों ने शक जताया कि वह बच्चा चोर गिरोह के सदस्य हो सकते हैं। उन दोनों को भी पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। उधर, देररात मुलाना कस्बा के गांव राजौली में बुधवार रात करीब दस बजे लोगों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पुलिस इस युवक से भी पूछताछ कर रही है।
मोती नगर में पकड़ा युवक रिमांड पर
करीब तीन दिन पूर्व मोती नगर में 6 वर्षीय बच्चे को भी उसके घर के बाहर खेलते समय यूपी के बहराइच निवासी मंत्री बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जा रहा था कि इस दौरान बच्चे के पिता ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद स्थानीय निवासियों ने उसकी जमकर धुनाई की। जिसके बाद चौकी नंबर- 2 से आई पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। जहां से उसे कोर्ट में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। जहां उससे पूछताछ चल रही है।
बच्चे को कहा तेरी मम्मी तुझे ढूंढ रही है...
सैदपुरा निवासी राजिंद्र ने बताया कि मंगलवार सोहन राणा के बेटे वरूण के अपहरण से पहले एक युवक व महिला ने उसके बेटे का भी अपहरण करने की कोशिश की थी। मंगलवार शाम को उसका 13 वर्ष का बेटा आशीष अपने दोस्त राघव के साथ साइकिल चला रहा था तो गली में एक युवक व महिला ने उनका रास्ता रोका और कहा कि तुम कहां घूम रहे हो तुम्हारी मम्मी तुम्हें ढूंढ रही है मेरी पास उनका फोन आया है, महिला ने बच्चे को यकीन दिलाने के लिए मोबाइल भी दिखाया, लेकिन उसका बेटा और उसका दोस्त वहां से वापस दौड़ गए।
ये लोग कौन है पुलिस इसकी वेरिफिकेशन कर रही है। आमजन को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। ऐसे मामलों को लेकर पुलिस पूरी तरह से गंभीर और मुस्तैद है। पुलिस ऐसे मामलों पर पूरी नजर बनाए हुए है। ये लोग बच्चा चोर हैं या नहीं और कहां से यहां आए हैं, इसकी जांच चल रही है।
- अभिषेक जोरवाल, एसपी अंबाला।
child kidnaping- फोटो : AMBALA