दिन में तेज धूप निकलने से हुआ गर्मी का अहसास
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। लगातार धूप निकलने से ठंड का असर कम होने लगा है। रविवार को भी तेज धूप निकली जिससे दोपहर में तो गर्मी का अहसास हुआ। फरवरी माह आधा बीत चुका है। अब धीरे-धीरे तापमान बढ़ने लगा है। रविवार को अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान डिग्री 13.4 सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार, 16 व 17 फरवरी को बारिश की संभावना है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 16 फरवरी तक खुश्क परंतु परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने के आसार हैं। जिससे विशेषकर रात्रि के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है, लेकिन दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभावित है।
16 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण राज्य के मौसम में बदलाव की संभावना बन रही है जिससे राज्य में 16 फरवरी रात्रि व 17 फरवरी को आंशिक बादलवाई रहने व हवा और गरज चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है।