अंबाला। अंबाला छावनी औद्योगिक क्षेत्र (इंडस्ट्रियल एरिया) को बाढ़ से सुरक्षा हेतु कंकरीट चहारदीवारी निर्माण की हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी की बैठक में अंतिम मंजूरी मिल चुकी है और 10.76 करोड़ रुपए की लागत से औद्योगिक क्षेत्र में चहारदीवारी का निर्माण होगा। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि अब बहुत जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा ताकि बारिश से पहले इंडस्ट्रियल एरिया को सुरक्षित बनाया जा सके।
इंडस्ट्रियल एरिया के चारों ओर कंकरीट की दीवार बनाई जाएगी, इसके टेंडर हरियाणा राज्य औद्योगिकी एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) द्वारा पहले ही किए जा चुके हैं। इंडस्ट्रियल एरिया को बाढ़ के पानी से बचाव के लिए कुल दो किलोमीटर लंबी आरसीसी की चहारदीवारी बनेगी। दीवार का लेवल जमीन से लगभग दस फुट (तीन मीटर) होगा। इससे खासकर बारिश के समय इंडस्ट्रियल एरिया को पानी से सुरक्षा मिलेगी। अब दीवार बनाने की फाइनल मंजूरी मिलने पर बहुत जल्द ही एजेंसी को वर्क अलॉट कर निर्माण कार्य भी प्रारंभ होगा। संवाद