मुलाना। नेशनल हाइवे- 344 पर कालपी फ्लाईओवर के पास संगम वैष्णों ढाबे पर हुए गोलीकांड में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने फरार बदमाशों की पहचान कर ली है, हालांकि अभी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें मामले की गंभीरता से जांच और छापेमारी कर रही हैं।
बता दें कि ढाबे पर 16 अप्रैल की देर रात करीब 12 बजे कार पार्किंग को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। मारपीट के बाद वर्ना कार में सवार तीन बदमाशों में से दो ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। इस दौरान करीब छह गोलियां चलाईं। इसमें मुलाना निवासी सोनू उर्फ काका के माथे और सीने पर गोली लगी, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि दूसरे साथी रोहित की जांघ में गोली लगी थी।
गोलीकांड के बाद से फरार चल रहे आरोपियों के सुराग के लिए पुलिस टोल प्लाजा से लेकर मुख्य मार्ग के सभी सीसीटीवी खंगाल चुकी थी। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी से पुलिस को अहम सुराग लगे हैं। इससे आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।