बराड़ा। बढ़ती चोरी की वारदात और कानून व व्यवस्था पर प्रशासन सख्त हो गया है। बुधवार को लघु सचिवालय में आयोजित बैठक में डीएसपी सुरेश कुमार ने कहा कि यदि किसी कबाड़ी ने चोरी का सामान खरीदा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कस्बे की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए प्रशासन ने 10 संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया है। यहां प्राथमिकता के आधार पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इनमें मुख्य रूप से महाराणा प्रताप चौक, गुरु रविदास चौक, एसडीएम कार्यालय रोड, क्वालिटी चौक, आर्मी कैंटीन और रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त क्षेत्र शामिल हैं। डीएसपी ने नगर पालिका अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर इन कैमरों को चालू कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। कबाड़ियों को हर सामान बेचने वाले का नाम, पता और पहचान पत्र दर्ज करना अनिवार्य होगा। संवाद