अंबाला सिटी। गुरुद्वारा श्री हरकृष्ण साहिब में शुक्रवार दोपहर को चोरी की वारदात सामने आई। यहां गुरुद्वारे के बाथरूम से पीतल की टोटियां चोरी कर रहे एक शातिर चोर को सेवादारों ने मुस्तैदी दिखाते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई चार टोटियां बरामद हुई हैं। डायल 112 ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को दी तहरीर में सेक्टर-10 एचबीसी निवासी सेवादार सतिंद्र सिंह ने बताया कि वह गुरुद्वारा श्री हरकृष्ण साहिब में सेवा करते हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे वह गुरुद्वारे में मौजूद थे, तभी उन्हें गुरुद्वारे के अंदर बने बाथरूम से आवाज आई। शक होने पर जब सतिंद्र सिंह और वहीं मौजूद बलजीत कौर बाथरूम की तरफ गए तो उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति वहां लगी टोटियों को उखाड़ रहा था। पकड़े जाने के समय आरोपी के साथ उसकी पत्नी और दो बच्चे भी गुरुद्वारा परिसर में ही मौजूद थे। पूछताछ में आरोपी की पहचान फलेल माजरा निवासी सूरज यादव के रूप में हुई। संवाद