अंबाला सिटी। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए बुधवार को बैठक का आयोजन किया गया। बलदेव नगर स्थित अधीक्षक अभियंता कार्यालय में आयोजित बैठक सुबह 11 से लेकर एक बजे तक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता यूएचबीवीएन अंबाला के अधीक्षक अभियंता विनोद कुमार गोयल ने की। बैठक में मुख्य रूप से बिलिंग, मीटर रीडिंग और गलत चार्ज लगाए जाने से संबंधित मामला आया। अधीक्षक अभियंता विनोद कुमार गोयल ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान अंबाला शहर के एसडीओ ईस्ट क्षेत्र से एक महिला अपनी शिकायत लेकर पहुंची थी। महिला का कहना था कि उसके बिजली के बिल में अतिरिक्त चार्ज लगकर आ रहे हैं, जिससे बिल की राशि काफी बढ़ गई है। महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही दस्तावेज की जांच की गई। बिल में लगे चार्ज को दुरुस्त करने के लिए करेक्शन केस बनाकर पंचकूला स्थित मुख्य कार्यालय भेज दिया गया । जल्द ही वहां से त्रुटि सुधार कर उपभोक्ता को राहत प्रदान की जाएगी।