मुलाना। नहौनी-कालपी मार्ग पर कालपी के पास मंगलवार रात्रि साहा के रहने ज्वेलर की कार पर लूट के इरादे से कार सवार नकाबपोशों द्वारा फायरिंग के मामले में बुधवार को पुलिस ने जान से मारने की कोशिश की धाराओं में केस दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया। वहीं बुधवार को मौके पर सीन ऑफ क्राइम की टीम पहुंची और साक्ष्य जुटाए। सीआईए 1, सीआईए 2, सीआईए शहजादपुर व मुलाना पुलिस को इस मामले की पड़ताल के लिए लगाया गया है।
दुकान के अंदर, बाहर व पीछे के रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। दरअसल मंगलवार रात्रि को साहा निवासी विक्रमजीत वर्मा निवासी साहा ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया था कि उसकी नहौनी में न्यू फैंसी ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। हर रोज की तरह मंगलवार शाम को वह अपनी दुकान बंद कर अपनी कार में सवार होकर घर साहा जा रहा था। वह नहौनी-कालपी मार्ग पर कालपी के पास पहुंचा तो उसकी कार को एक सिल्वर रंग की कार ने पीछे से हल्की टक्कर मारी और उसकी कार के आगे आकर रोक दी।
वह अपनी कार को रोकरकर उतरने लगा तो सिल्वर कार से तीन युवक उतरे और उनमें से एक ने उसकी कार पर गोलियां दाग दी। तीनों कार सवारों ने मुंह ढके हुए थे। ज्वेलर विक्रमजीत के अनुसार उसपर करीब 4-5 फायर हुए। इसमें से तीन के निशान कार पर हैं। उसने तुरंत अपनी कार को बैक कर राजमार्ग की तरफ ले ली। जैसे ही उसने कार को बैक किया तो कार सवार दो युवक हाथ में रॉड लेकर उसके पीछे भागे,। वह वहां से किसी तरह कार सहित निकल गया। हाईवे पर उसे साहा डायल 112 की गाड़ी मिली। जिसे सारी बात बताई। विक्रम के अनुसार उसकी पहले रैकी की गई है। उसके दुकान पर काम करने वाले नौकर ने सिल्वर रंग की एक कार शाम को फ्लाईओवर के पास देखा था। सूचना पाकर मुलाना पुलिस ने मौके का मुआयना किया। विक्रमजीत ने पुलिस को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत सौंपी थी।