अंबाला सिटी। पालिका विहार में एक दुकानदार द्वारा पड़ोसी की दुकान पर काम करने वाले युवकों को जातिसूचक शब्द कहने व जान से धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में वाल्मीकि बस्ती सिटी निवासी शिवम, रितिक, निखिल ने बताया कि वह बलदेव नगर निवासी हर्ष की पालिका विहार स्थित दुकान में नौकर हैं।
दुकान मालिक हर्ष के साथ अजय पराशर की दुकान है और चढ़ने के लिए करीब ढाई फीट की साझी सीढ़ी है। इसको लेकर हर्ष व अजय पराशर के बीच न्यायालय परिवाद विचाराधीन है। 25 जुलाई को सुबह करीब 10 बजकर 30 मिनट वह अपने दुकान के बाहर खड़े थे। इतने में पड़ोसी दुकान मालिक ने सीढि़यों पर रखा पानी का कैंपर व तसला नीचे फेंक दिया। जब विरोध किया तो उसने जातिसूचक शब्द बोले और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पड़ोसी दुकानदार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसएचओ सिटी मुनीष कुमार ने बताया कि हमारे पास दुकान पर हुए विवाद को लेकर जानकारी मिली थी। जिस पर दुकान मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अभी मामले की जांच जारी है।