माई सिटी रिपोर्टर अंबाला सिटी। ड्यूटी दे रही महिला एएसआई से दुर्व्यवहार, सरकारी नौकरी में बाधा डालने और गाली-गलौज करने पर डिफेंस कालोनी में रहने वाले व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पंजोखारा थाने में दी शिकायत में महिला एएसआई ने बताया कि मेरी ड्यूटी 30 मार्च को कोविड-19 के चलते संत आसाराम बापू आश्रम में थी। 2 अप्रैल को शाम समय करीब साढ़े 5.30 बजे दिलबाग सिंह नाम का व्यक्ति आया। उसने लाक डाउन के नियम न मानकर आश्रम में प्रवेश किया। पूछताछ में उसने बताया कि मैं नोडल अधिकारी हूं। इसी कारण उसके द्वारा मांगने पर मैंने अपना वाट्सएप नंबर दे दिया। उसी रात दिलबाग ने मेरे मोबाईल पर मैसेज किया कि आश्रम मे व्यवस्था कैसी चल रही है? लेकिन मैंने मैसेज का कोई जवाब नहीं दिया और वाट्सएप नंबर ब्लॉक कर दिया। 3 अप्रैल जब मैं सुबह अपनी ड्यूटी पर आई तो आश्रम के सेवादारों ने बताया कि दिलबाग सिंह आपके बारे में काफी गंदी गालियां देकर गया है। समय करीब 4 बजे फिर दिलबाग सिंह आश्रम में आया और आश्रम के अदंर दाखिल होने के लिये मेरे साथ काफी गलत व्यवहार किया। जब मैंने उसे आश्रम के अंदर घुसने नहीं दिया तो दिलबाग सिंह ने जान से मारने की धमकी दी और ड्यूटी में बाधा पहुंचाई। जब पता किया तो दिलबाग सिंह कोई नोडल अधिकारी नहीं है वह डिफेंस कालोनी का रहने वाला है।