अंबाला। छावनी के चमेली पुल स्थित मकान में एचडीएफसी बैंक के कर्मी द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने के मामले में नया मोड़ आया है। मृतक के भाई ने बताया कि अतुल धीमान के ससुर ने लोन लिए हुए थे और उसकी किस्त भाभी भर रही थी। पुलिस ने मृतक के ससुर जगमिंद्र सिंह व पत्नी अनुराधा पर केस दर्ज किया है।
कैंट निवासी गौरव ने बताया कि उसका भाई अतुल धीमान एचडीएफसी बैंक के लोन डिपार्टमेंट में नौकरी करता था। सात मार्च 2018 को पंजाब के अहमदगढ़ गांव निवासी अनुराधा कालसी के साथ भाई का विवाह हुआ था। अनुराधा भी एचडीएफसी बैंक कैंट में जॉब करती थी। अब वह सिटी के एक्सिस बैंक में काम करती है। भाई व भाभी के बीच शादी के बाद से ही झगड़ा रहता था। कारण था कि भाभी अनुराधा की सैलरी पर उनके पिता जगमिंद्र सिंह ने लोन लिए हुए थे, लेकिन लोन की किस्तें भाभी अनुराधा ही देती आ रही थी। कई बार भाभी बैंक कैश की रकम भी खर्च कर देती थी और इस वजह से भाई अतुल को रकम बैंक में भरनी पड़ती थी। ससुर का कर्जा उतारने के लिए भाई ने डेढ़ लाख रुपये दिए थे।
ससुर ने दी थी झूठे केस में फंसाने की धमकी
शिकायतकर्ता गौरव ने बताया कि 23 जुलाई को उसकी भाभी अपने बच्चे को लेकर मायके चली गई थी। ससुर जगमिंद्र कालसी ने भाई के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देने के साथ-साथ झूठे केस में फंसाने की बात कही थी। पत्नी व ससुर की प्रताड़ना से आहत होकर उसके भाई ने अपने घर में ही फंदा लगा आत्महत्या कर ली।