अंबाला। तोपखाना बाजार चौकी के पास एक तेज रफ्तार कार ने मां के सामने ही साइकिल चला रहे तीन वर्षीय बच्चे को कुचल दिया। परिजनों ने बताया कि बेखबर कार चालक ने पहले साइकिल पर पहिया चढ़ाया फिर बच्चे को कुचल दिया। परिजन आनन-फानन में बच्चे को पहले निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां से छावनी नागरिक अस्पताल लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने बच्चे को प्राथमिक उपचार के कुछ देर बाद मृत घोषित कर दिया।
शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतक की पहचान तोपखाना निवासी तीन वर्षीय वरुण के रूप में हुई है। मृतक का पिता जय किशोर प्राइवेट नौकरी करता है और किराये के मकान में रहता है। वरुण उनका इकलौता बेटा था। बच्चे की मां कुछ महिलाओं के संग चौकी के पास ही सड़क किनारे चल रही थी और बच्चे आगे-आगे चल रहे थे। तभी अचानक पीछे से आई कार ने अचानक बच्चे को चपेट में ले लिया। मासूम को मृत घोषित करते ही अस्पताल में मातम पसर गया।