अंबाला के निकटवर्ती गांव सद्दोपुर के पास कार चालक को झपकी आने से कार डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे खदानों में गिर गई।
हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। लेकिन, कार में सवार तीन लोग बाल-बाल बच गए। तीनों दिल्ली से चंडीगढ़ की तरफ जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही बलदेव नगर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों व्यक्तियों से जानकारी हासिल की।
बलदेव नगर पुलिस चौकी के जांच अधिकारी एएसआई ज्ञान चंद ने बताया कि रानीबाग दिल्ली-34 निवासी कार में सवार होकर संबल जैन, राजन और रजनीश चंडीगढ़ जा रहे थे।
कार संबल जैन चला रहा था। कार सद्दोपुर के पास पहुंची, तो संबल जैन को नींद की झपकी आ गई और कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर लगते ही कार में लगे बैलून खुल गए और कार खदानों में जा गिरी। उन्होंने बताया कि हादसे में तीनों कार सवार बच गए। तीनों व्यक्तियों को राहगीरों की सहायता से कार से निकाला गया।