अंबाला सिटी। एक साल पहले पंजाब के किसान अपनी मांगों के लिए दिल्ली कूच के लिए आगे बढ़े थे। हरियाणा सरकार ने बैरिकेडिंग कर उन्हें शंभू बाॅर्डर पर रोक लिया था। तभी से यह रास्ता बंद है।
वीरवार सुबह तीन बजे कार चालक अंबाला से पंजाब की ओर जा रहा था तभी अचानक से सीमेंट के बैरिकेड सामने आ गए। कार चालक कुछ समझ पाता इससे पहले ही कार बैरिकेड से टकरा गई। घटना के बाद भी पुलिस को कार से संबंधित कोई भी जानकारी नहीं मिली है। कार की पिछली नंबर प्लेट भी वहां से गायब थी और एक भी कागज नहीं मिला है।
टक्कर के कारण कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कार में लगे एयरबैग भी खुल गए। हालांकि इस दौरान किसी भी सवारी को कोई चोट नहीं आई। इस घटना में कार की तीनों सवारियां बाल-बाल बच गईं। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद तीनों सवारियां दूसरी कार में सवार होकर वहां से चलीं गईं। दरअसल किसान आंदोलन के चलते अंबाला में शंभू बॉर्डर से 200 मीटर पहले सीमेंट की बैरिकेडिंग की हुई है ताकि दिल्ली से आने वाले वाहन आगे न जा सकें। इसके बाद भी कई राहगीर यहां पर आते रहते हैं। यही कारण है कि हादसा हो गया।